डुप्लीकेट चाबी बनवाने के लिए आधार कार्ड अनिवार्य, यूपी के इस जिले में कारीगरों को पुलिस की हिदायत
प्रयागराज में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाओं में लगातार इजाफा हुआ है। अप्रैल महीने में 14 मकानों के ताले तोड़कर लाखों रुपये की नकदी और जेवरात पार कर दिए गए। थानों में नियमित रूप से दर्ज हो रही हैं। जांच में पता चला कि कई शातिर चोर मास्टर चाबी या डुप्लीकेट चाबी बनवाकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

UP News : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बढ़ती चोरी की वारदातों पर लगाम कसने के लिए पुलिस प्रशासन ने अब सख्त कदम उठाया है। यदि आपको डुप्लीकेट चाबी बनवानी है, तो पहले अपना आधार कार्ड दिखाना अनिवार्य होगा। बिना पहचान पत्र लिए चाबी बनाने वाले कारीगरों के खिलाफ अब सीधी विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार ने इस संबंध में सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में चाबी बनाने वाले दुकानदारों को नियमों का कड़ाई से पालन कराएं। साथ ही, समय-समय पर जांच भी की जाएगी ताकि कोई भी इस आदेश की अनदेखी न कर सके।
शहर में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाओं में लगातार इजाफा हुआ है। अप्रैल महीने में ही 14 मकानों के ताले तोड़कर लाखों रुपये की नकदी और जेवरात पार कर दिए गए। इसके अलावा दोपहिया वाहनों और ई-रिक्शा चोरी की रिपोर्ट भी थानों में नियमित रूप से दर्ज हो रही हैं। जांच में सामने आया है कि कई शातिर चोर मास्टर चाबी या डुप्लीकेट चाबी बनवाकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ऐसे में पुलिस ने चाबी बनाने की प्रक्रिया को ही नियंत्रण में लेने का फैसला किया है, ताकि अपराधियों के लिए रास्ता कठिन हो सके।
संदिग्ध की पुलिस को देनी होगी सूचना
नए नियम के तहत अब चाबी बनाने वाले दुकानदारों को ग्राहक का आधार कार्ड देखना होगा और उसका रिकॉर्ड भी रखना होगा। साथ ही निर्देश दिया गया है कि संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को देनी होगी। पुलिस को सूचना देने वाले कारीगरों का नाम व पता गोपनीय रखा जाएगा। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस कदम से चोरी की वारदातों पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकेगा। वहीं आम लोगों से भी अपील की गई है कि वे इस व्यवस्था में सहयोग करें और अपनी सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें।
क्या बोली पुलिस
प्रयागराज के पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार ने बताया कि चोरों के गिरोह की धरपकड़ के लिए सभी एसीपी व थानेदारों को निर्देश दिए गए हैं। वहीं, चाबी बनाने वाले कारीगरों को भी बिना आधारकार्ड के किसी की डुप्लीकेट चाबी नहीं बनाने का सख्त निर्देश दिया गया है। इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन