पकौड़ी खाने का मन है…कहकर पति को भेजा, इधर बस स्टैंड से फरार हो गई नई नवेली दुल्हन
मुरादाबाद में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। जहां एक नवविवाहिता ने बहाना बनाकर अपने पति को पकौड़ी लाने भेज दिया और इसी दौरान अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। पत्नी के अचानक गायब होने पर पति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

यूपी के मुरादाबाद जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां एक दुल्हन ने बस स्टैंड पर पकौड़ी लाने के लिए पति को भेज दिया। फिर अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। जब पति पकौड़ी लेकर वापस लौटा तो उसे पत्नी नहीं मिली। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा। उधर, पति ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। वहीं, तहरीर मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई।
जानकारी के अनुसार अमरोहा जिले के रहने वाले प्रीतम सिंह की शादी करीब तीन महीने पहले रिमझिम नाम की युवती से हुई थी। शादी के बाद दोनों का जीवन सामान्य रूप से चल रहा था। होली के बाद प्रीतम अपनी पत्नी को मायके से विदा कराकर घर ले जा रहा था। दोनों बस से सफर कर रहे थे और रास्ते में बस मुरादाबाद जिले के बिलारी रोडवेज बस स्टैंड पर रुकी। बताया जा रहा है कि बस रुकने के दौरान पत्नी ने पति से कहा कि उसे पकौड़ी खाने का मन है। पत्नी की बात मानकर प्रीतम बस से उतरकर पकौड़ी लेने चला गया। लेकिन जब वह कुछ देर बाद पकौड़ी लेकर वापस बस स्टैंड पहुंचा तो उसकी पत्नी गायब थी। पहले तो उसने सोचा कि शायद वह आसपास ही होगी, लेकिन काफी देर तलाश करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। यहां तक कि उसका मोबाइल भी बंद बता रहा था।
आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ करने पर पता चला कि महिला किसी से फोन पर बात करते हुए बस से उतर गई थी। इसके बाद पति को शक हुआ कि वह किसी के साथ चली गई है। बाद में प्रीतम ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उसकी पत्नी का पहले से ही गांव सागरपुर निवासी इमरान नाम के युवक से प्रेम संबंध था और वही उसे अपने साथ भगा ले गया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही महिला के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है, ताकि उसके ठिकाने का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही महिला और उसके साथ जाने वाले युवक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।




साइन इन