दवा कारोबारी पिता ने जुड़वा बेटियों का चापड़ से रेता गला, बगल के कमरे में सो रही थी पत्नी और बेटा
दवा कारोबारी ने रात को दो से ढाई बजे के बीच अपनी जुड़वा बेटियों की गला रेत कर हत्या कर दी। स्टील के चापड़ से वह जब इस बेरहम हत्याकांड को अंजाम दे रहे थे तो बगल के कमरे में उनकी पत्नी और बेटा सो रहे थे। पत्नी को घटना की जानकारी तब हुई जब सुबह पुलिस ने उन्हें नींद से जगाया।

UP Crime News: उत्तर प्रदेश के कानपुर के किदवईनगर के ब्लॉक के त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में रविवार तड़के एक दवा कारोबारी ने 11 वर्षीया मासूम जुड़वा बेटियों रिद्धि-सिद्धि का गला दबाया फिर गले पर चापड़ रखकर हथौड़ा चला दिया। दोनों की एक-एक करके इसी तरह हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद यूपी-112 पर कॉल करके पुलिस को सूचना दी कि बेटियों की हत्या कर दी है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित ने 12 साल पहले लव मैरिज की थी।
पत्नी ख्याल नहीं रखती थी इसलिए मार डाला
पुलिस मौके पर पहुंची तो बेटियों के शव जमीन पर बिछे बिस्तरों पर पड़े थे। घटना के वक्त बेटियों की मां अपने बेटे के साथ दूसरे कमरे में दरवाजा बंद कर सो रही थी। पुलिस ने दरवाजा खुलवा कर मां को जानकारी दी तो उसकी चीख निकल गई।
मौके पर डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी, एडीसीपी योगेश कुमार पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य इकट्ठा करते हुए आला कत्ल बरामद किया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया। पूछताछ में आरोपित ने कहा कि उसे मालूम है कि वह ज्यादा दिन नहीं जी पाएगा। अपनी मौत के बाद बेटियों की कुशलता की उसे चिंता थी। पत्नी बेटियों का ख्याल नहीं रखती थी इसलिए बेटियों को मार डाला। पुलिस का मानना है कि हत्यारोपित नशे का लती है। इसके अलावा वह मानसिक रूप से भी बीमार था, कई तरह की दवाइयों का सेवन करता था।
गया में परिवार संग रहते हैं पिता
मूलरूप से वाराणसी के पहाड़िया इलाके का निवासी शशिरंजन मिश्रा का परिवार बिहार के गया जिले में रहा करता था। उसके पिता शेखर मिश्रा वहां पीएचई डिपार्टमेंट में कार्यरत थे। वहां से करीब आठ वर्षों पहले शशिरंजन यहां आया था। यहीं उसने प्रेम विवाह किया। वह त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में ग्राउंड फ्लोर पर विवेक गुप्ता के फ्लैट में पत्नी रेशमा छेत्री, 11 वर्षीय जुड़वां बेटियों रिद्धि-सिद्धि और छह साल के बेटे रुद्र उर्फ गुन्नू के साथ रह रहा था। वह पहले एमआर था मगर बाद में दवा सप्लायर बन गया था। नौबस्ता इंस्पेक्टर बहादुर सिंह ने बताया कि रविवार तड़के करीब साढ़े चार बजे पुलिस को सूचना मिली कि पिता ने दो बच्चियों की हत्या कर दी है। पुलिस मौके पर पहुंची तो बच्चियों के शव जमीन पर पड़े थे। सामने शशिरंजन खड़ा था, उसने बताया कि इन बेटियों की हत्या उसने की है।
पत्नी ने नौकरानी को फोन कर बुलाया
वहीं, घटना की जानकारी होने पर पत्नी रेशमा सन्न रह गईं। उन्हें कुछ नहीं सूझा तो नौकरानी अमरावती को फोन कर घर बुला लिया। दंपती की करीब 13 साल पहले लव मैरिज हुई थी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। डीसीपी साउथ दीपेंद्र चौधरी ने बताया पिता ने ही बच्चियों की हत्या की है। उन्होंने ऐसा क्यों किया इसका पता लगाने के लिए गहनता से जांच-पड़ताल की जा रही है।
क्या बोली पुलिस
कानपुर के डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि इस घटना में पत्नी की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज करते हुए शशिरंजन को गिरफ्तार कर लिया गया है। पति-पत्नी के बीच विवाद के साथ ही पति के मानसिक बीमार और नशे का लती होने की बात सामने आई है। आरोपित ने अपना गुनाह भी कबूल लिया है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।




साइन इन