पत्नी से छुटकारा पाने को पति का संकल्प, घर से मंदिर तक 9 किमी दंडवत यात्रा कर पूरी की मन्नत
युवक ने करीब दो साल पहले विवाह किया था। कुछ ही दिनों में दोनों में विवाद शुरू हो गया। वह अपनी पत्नी से अलग होना चाहता था। इसके लिए उसने भानपुर स्थित मां बैड़ा समय माता मंदिर में मन्नत मांगी थी। मन्नत थी कि यदि उसे पत्नी से छुटकारा मिल जाता है तो वह अपने घर से मंदिर तक दंडवत यात्रा कर दर्शन करेगा।

UP News: विवाह को जन्म-जन्म का साथ माना जाता है, लेकिन उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के सोनहा थानाक्षेत्र के एक गांव में एक अलग ही मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी पत्नी से छुटकारा पाने के लिए देवी से मन्नत मांगी और मन्नत पूरी होने पर करीब नौ किमी की दंडवत यात्रा कर मंदिर पहुंचा।
सोनहा थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने करीब दो साल पहले विवाह किया था, जिसके कुछ ही दिनों में दोनों में विवाद शुरू हो गया। विवादों के चलते वह अपनी पत्नी से अलग होना चाहता था। इसके लिए उसने भानपुर स्थित मां बैड़ा समय माता मंदिर में मन्नत मांगी थी। मन्नत थी कि यदि उसे पत्नी से छुटकारा मिल जाता है तो वह अपने घर से मंदिर तक भूखे-प्यासे दंडवत यात्रा कर दर्शन करेगा। बताया जाता है कि हाल ही में उसकी मन्नत पूरी हो गई। 2026 में उसे तलाक मिल गया। इसके बाद शनिवार सुबह युवक ने अपने घर से मंदिर के लिए दंडवत यात्रा शुरू की।
लगभग नौ किमी की दूरी उसने करीब 12 घंटे में पूरा कर शाम करीब छह बजे मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना किया। इस दौरान उसके माता-पिता और गांव के अन्य लोग भी उसके साथ मौजूद रहे। सभी जयकारे लगाते हुए यात्रा में शामिल हुए। मंदिर पहुंचकर युवक ने प्रसाद चढ़ाकर देवी मां का आभार व्यक्त किया। यह घटना क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग युवक की मन्नत और दंडवत यात्रा पर खूब बातें कर रहे हैं।
युवक बोला-पत्नी से परेशान हो गया था
पत्नी से छुटकारा पाने की मन्नत पूरी होने पर नौ किलोमीटर तक दंडवत यात्रा करने वाले युवक का कहना है कि वह अपनी पत्नी से बुरी तरह परेशान हो गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शनिवार की सुबह उसने बिना अन्न-जल ग्रहण किए दंडवत यात्रा की शुरुआत की। उसने करीब 12 घंटे में यह यात्रा पूरी की। शाम को करीब छह बजे वह भानपुर स्थित मंदिर पहुंचा। वहां उसने विधि-विधान से पूजा की। प्रसाद चढ़ाकर माता का आशीर्वाद लिया।
प्रशासन से ली थी इजाजत
बताया जा रहा है कि युवक ने इस दंडवत यात्रा के लिए बकायदा प्रशासन से इजाजत भी ली थी। उसने एसडीएम से दंडवत यात्रा करने की मंजूरी मांगी थी। दंडवत यात्रा के दौरान युवक की सुरक्षा और सड़क पर व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कुछ पुलिसकर्मी भी तैनात रहे। यात्रा के दौरान युवक के परिवार के सदस्यों और गांव के कुछ लोगों के साथ ही पुलिसकर्मी भी चल रहे थे। पूरी यात्रा के दौरान वे मौजूद रहे।




साइन इन