यूपी : प्रेमी-प्रेमिका ने पुलिस को देख डर के मारे खुद को लगा ली आग, लड़की की दर्दनाक मौत
18 साल की खुशी के पिता की काफी समय पहले मौत हो चुकी है। गर्मी की छुट्टी के चलते अपनी मां के साथ अपनी ननिहाल मैनपुरी चली गई थी। इस दौरान उसकी मुलाकात अरुण से हुई। जल्द ही यह मुलाकात प्रेम संबंधों में बदल गई। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की सुबह खुशी अपने घर से प्रेमी संग चली आई।

UP News : उत्तर प्रदेश के शिकोहाबाद में पुलिस को देखकर डर गए एक प्रेमी युगल ने केरोसिन छिड़ककर खुद को आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने आनन-फानन में लकड़ी का गेट तोड़कर दोनों को बाहर निकाला। उसके बाद दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने के चलते डॉक्टरों ने दोनों को आगरा के एस एन मैडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान शनिवार की सुबह लड़की की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, लड़का जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है। पुलिस ने पंचनामा भरकर लड़की के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार शिकोहाबाद के मोहल्ला पड़ाव में 18 साल की खुशी, अपनी मां के साथ रहती थी। उसके पिता की काफी समय पहले मौत हो चुकी है। खुशी गर्मियों की छुट्टी के चलते अपनी मां के साथ अपनी ननिहाल मैनपुरी चली गई थी। इस दौरान उसकी मुलाकात अरुण कुमार कठेरिया पुत्र धर्मपाल कठेरिया से हुई। जल्द ही यह मुलाकात प्रेम संबंधों में बदल गई। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की सुबह खुशी अपने घर से प्रेमी संग चली आई।
जब उसके परिवारीजनों को उसके गायब होने की जानकारी हुई तो उसकी खोजबीन शुरू की गई। परिवारीजनों ने शिकोहाबाद पुलिस से आकर मामले की शिकायत की। शिकायत के आधार पर शाम को पुलिस ने घर पर दबिश दी लेकिन उस दौरान कोई घर पर नहीं मिला। रात में पुलिस को सूचना मिली इसी के आधार पर दुबारा से दोनों की तलाश में घर पर दबिश दी। इस दौरान प्रेमी युगल वहां मौजूद थे। पुलिस को देखकर डरे प्रेमी युगल ने केरोसिन छिड़ककर खुद को आग के हवाले कर दिया।
प्रेमी युगल को आग की लपटों में घिरा देखकर पुलिसवाले सकते में आ गए। पुलिस ने प्रेमी युगल को बचाने के लिए घर में लगे लकड़ी के गेट को तोड़कर दोनों को किसी तरह बाहर निकाला और आग बुझाई। पुलिस दोनों इलाज के लिए आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले गई। वहां दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने एस एन मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान शनिवार की सुबह करीब 5 बजे खुशी ने दम तोड़ दिया। उसकी की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। वहीं प्रेमी के परिवारीजन भी सूचना मिलते ही आगरा पहुंच गए। पुलिस ने खुशी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।




साइन इन