यूपी में फिर एनकाउंटर, पूर्व सांसद को धमकी देने वाले और रेप आरोपी को लगी गोली
भूमि विवाद में बीते मंगलवार को आरोपी शादाब, पूर्व सांसद राजेश वर्मा की हत्या करने के इरादे से उनके घर के सामने आ धमका था। हाथ में तमंचा और चाकू लिए आरोपी शादाब गालियां देते हुए धमकाने लगा था। तंबौर पुलिस शादाब को पकड़कर थाने ला रही थी। इस बीच रास्ते में पुलिस को चकमा देकर शादाब भाग निकला था।

UP Police Encounter : उत्तर प्रदेश पुलिस लगातार ऐक्शन मोड में है। बुधवार को एक बार फिर एनकाउंटर हुआ है। सीतापुर की तंबौर पुलिस ने जमीन विवाद में पूर्व सांसद राजेश वर्मा के घर पहुंचकर जान से मारने की धमकी देने के आरोपी को मुठभेड़ में पकड़ लिया है। मंगलवार को पुलिस के द्वारा पकड़े जाने पर वह चकमा देकर भाग निकला था। वहीं, अटरिया पुलिस ने किशोरी के साथ दुष्कर्म के आरोपी को मुठभेड़ में पकड़ लिया है। दोनों बदमाशों के बायें पैर में गोली लगी है। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
क्षेत्राधिकारी लहरपुर अभिषेक कुमार के मुताबिक तंबौर के शेखन टोला निवासी शादाब भूमि विवाद में बीते मंगलवार को पूर्व सांसद राजेश वर्मा की हत्या करने के इरादे से उनके घर के सामने आ धमका था। हाथ में तमंचा और चाकू लिए आरोपी शादाब गालियां देते हुए धमकाने लगा था। सूचना पर पहुंची तंबौर पुलिस आरोपी शादाब को पकड़कर थाने ला रही थी। इस बीच रास्ते में पुलिस को चकमा देकर शादाब भाग निकला था।
पुलिस टीम फरार आरोपी शादाब की तलाश में दबिश दे रही थी। खोजते हुए पुलिस तंबौर के ज्ञानेन्द्र भट्टा स्थित आम के बाग में पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी शादाब ने दो फायर झोंक दिए। पुलिस कर्मियों ने किसी तरह खुद को बचाते हुए जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई। एक गोली आरोपी शादाब के बाये पैर में लगी। इसके बाद वह खून से लथपथ होकर बाग में गिर गिया। जिसे दौड़ाकर पकड़ लिया गया। आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, दो कारतूस और एक चाकू बरामद हुआ है।
किशोरी के साथ दुष्कर्म का आरोपी के पैर में लगी गोली
पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश सिंह के मुताबिक अटरिया पुलिस ने 12 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म के आरोपी अटरिया के नीलगांव निवासी आरोपी सतीश उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता के पिता ने मुकदमा दर्ज कराया था कि बेटी अपनी चचेरी बहन के साथ गांव के बाहर मवेशी चराने गई थी। इस बीच बेटी अकेले खेत की तरफ चली गई थी। आरोपी सतीश ने उनकी बेटी को झाड़ियों में खींच कर लेजाकर दुष्कर्म किया था।
एएसपी ने बताया की मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही थी। इस बीच बंदरिया बाजार के मिशनी जाने वाले रास्ते पर अकबरपुर मोड़ के पास आरोपी सतीश दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रोके जाने पर वह फायर करते हुए भागने लगा। जवाबी कार्रवाई में पुलिस टीम ने भी गोली दागी। गोली आरोपी सतीश के पैर में जा लगी। इसके बाद आरोपी सतीश को दौड़ाकर पकड़ लिया गया।




साइन इन