अलीगढ़ के बाद अब आगरा के खटारा स्कूल बस का फर्श टूटा, पहिये से कुचलकर 9 साल की बच्ची की मौत
अलीगढ़ के बाद अब आगरा में बुधवार को खटारा स्कूल बस की वजह से मासूम बच्ची की जान चली गई। थाना एत्मादपुर क्षेत्र के स्कूल की बस के जर्जर फर्श से 9 साल की छात्रा नीचे गिर गई और पहिए से कुचल गई। बच्ची को जब तक अस्पताल ले जाया गया, उसकी मौत हो गई।

Agra News: अलीगढ़ के बाद अब आगरा में बुधवार को खटारा स्कूल बस की वजह से मासूम बच्ची की जान चली गई। थाना एत्मादपुर क्षेत्र के भागुपुर के स्कूल की बस के जर्जर फर्श से 9 साल की छात्रा नीचे गिर गई और पहिए से कुचल गई। बच्ची को जब तक अस्पताल ले जाया गया, उसकी मौत हो गई। उधर, सूचना मिलने पर पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई
गांव नगला लाले के रहने वाले ब्रह्मजीत की 9 साल की बेटी नैना आरबीएस हायर सेकंडरी स्कूल में कक्षा एक की छात्रा थी। वह सगी बहन परी और गौरी, भाई रितिक व कान्हा, चचेरी बहन शिवानी व अन्य बच्चों के साथ सुबह सात बजे बस से स्कूल गई थी। दोपहर 1.30 बजे स्कूल की छुट्टी होने पर सभी बच्चे खटारा बस से घर लौट रहे थे। जिस सीट पर नैना बैठी थी, उसके नीचे फर्श की चद्दर गल गई थी। उसमें छेद होने पर ठीक कराने के बजाय लकड़ी का तख्ता लगा दिया गया था। रास्ते में बिहारीपुर मोड़ के ब्रेकर पर झटका लगने से तख्ता हट गया और नैना नीचे गिर गई।
पीछे बैठी बड़ी बहन परी ने चालक को आवाज दी और बस को रुकवाया। चालक ने गाड़ी रोकी। हादसे की जानकारी पर स्कूल स्टाफ घटना स्थल पर पहुंचा। बस से कुचलने के बाद आनन-फानन में नैना को एक प्राइवेट हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नैना के परिजन हॉस्पिटल पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। जब पुलिस स्कूल पहुंची तो स्टाफ ताला लगाकर फरार हो गया। स्कूल प्रबंधक भी नहीं मिला। चालक बस लेकर भाग गया और बस को छिपा दिया। उसकी तलाश की जा रही है। पीड़ित पिता की तहरीर पर बस चालक व स्कूल प्रबंधक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
इस मामले में डीसीपी पश्चिमी आदित्य सिंह ने बताया कि घटना बहुत दुखद है। हादसे के लिए जो भी जिम्मेदार हैं, उनके खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा के तहत कार्रवाई की जाएगी। भविष्य में ऐसी घटना न हो इसके लिए परिवहन विभाग के साथ संयुक्त टीम बनाकर अभियान चलेगा।
बस का नहीं है रजिस्ट्रेशन
आरबीएस पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल का संचालन नरेंद्र यादव कर रहा है। शिक्षा विभाग ने बताया कि स्कूल की मान्यता कक्षा आठ तक की है। ग्रामीणों ने बताया कि बस का रजिस्ट्रेशन किसी विवाद की वजह से नहीं हो सका है। इसके चलते बस की फिटनेस भी नहीं हो पाई है।
दो माह से बस की चद्दर में था छेद
बीते दो माह से स्कूल की बस के अंदर की चद्दर में छेद हो रहा था। उस पर स्कूल वालों ने लकड़ी का तख्ता लगा रखा था । जो अचानक हट गया। जैसे ही नैना अचानक ब्रेक लगने से आगे हुई तो छेद में होकर बस से गिर गई थी।
अलीगढ़ में भी स्कूल बस का फर्श टूटने से छात्रा की चली गई थी जान
इससे पहले अलीगढ़ में दादों थाना क्षेत्र के गांव कसेर भूड़िया पर स्थित माउंट देव इंटरनेशनल स्कूल की यूकेजी की छात्रा स्कूल बस से नीचे गिर गई थी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। ढोलना कोतवाली प्रभारी गोविंद बल्लभ शर्मा ने बताया कि गंगीरी रवि यादव की छह वर्षीय पुत्री अनन्या माउंट देव इंटरनेशलन में यूकेजी की छात्रा थी। पुलिस ने आरोपी प्रबंधक को भी गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को प्रबंधक व चालक को जेल भेज दिया। इसके अलावा मामले में आरटीओ की ओर से दी गई तहरीर पर भी पुलिस ने स्कूल की केयरटेकर (अंडरटेकिंग) रीना यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।




साइन इन