बरामदे में सो रही 12 वीं की छात्रा को सिर और सीने में मारी गोली, एकतरफा प्यार में हत्या
नाबालिग किशोरी अपने छोटे भाई के साथ बरामदे में सो रही थी। देर रात गांव का ही एक युवक घर में घुस आया। उसने सो रही किशोरी के सीने और सिर पर दो गोलियां दाग दीं। गोली की आवाज सुनकर भाई ने शोर मचाया। बाहर सो रही मां के पास पहुंचकर आरोपी ने मच्छरदानी हटाई और उस पर भी असलहा तान दिया।

UP News: उत्तर प्रदेश के बस्ती के बैडारी एहतमाली गांव में सोमवार की देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। एकतरफा प्यार में अंधे युवक ने घर के बरामदे में सो रही 12वीं की छात्रा को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल किशोरी को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार नाबालिग किशोरी अपने छोटे भाई के साथ बरामदे में सो रही थी। देर रात गांव का ही एक युवक घर में घुस आया और सो रही किशोरी के सीने व सिर पर दो गोलियां दाग दीं। गोली की आवाज सुनकर भाई ने शोर मचाया। बाहर सो रही मां के पास पहुंचकर आरोपी ने मच्छरदानी हटाई और उस पर भी असलहा तान दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग जाग गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर थानाध्यक्ष कलवारी, थानाध्यक्ष नगर, क्षेत्राधिकारी कलवारी तथा पुलिस उपाधीक्षक बस्ती मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। घायल किशोरी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
सोशल मीडिया पर वायरल किए थे लड़की के फोटो
सूत्रों के अनुसार आरोपी युवक के खिलाफ पूर्व में आईटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज था। बताया जा रहा है कि उसने किशोरी के साथ खींचे गए फोटो सोशल मीडिया पर वायरल किए थे। मामला दर्ज होने के बाद वह फरार चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि उसी रंजिश में घटना को अंजाम दिया गया।
12 वीं बोर्ड की परीक्षा दे रही थी लड़की
मृतका के पिता बाहर रहकर जीविकोपार्जन करते हैं और घर पर मां के साथ दोनों बच्चे रहते थे। किशोरी इस वर्ष 12वीं की बोर्ड परीक्षा दे रही थी। घटना के बाद उसके बिस्तर पर खुली किताब मिली, जिसे देख परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने आरोपी मंदीप की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं और मामले की जांच जारी है।




साइन इन