8 year old boy was attacked by leopard in Bahraich Villagers surrounded him he fled causing panic in the village बहराइच में 8 साल के बच्चे पर तेंदुए का हमला, ग्रामीणों ने घेरा तो छोड़कर भागा, गांव में दहशत, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

बहराइच में 8 साल के बच्चे पर तेंदुए का हमला, ग्रामीणों ने घेरा तो छोड़कर भागा, गांव में दहशत

बहराइच के बेला मकन गांव में शनिवार रात तेंदुए ने 8 वर्षीय बालक पर हमला कर गले से दबोच लिया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर जानवर बच्चे को छोड़कर भाग गया। गंभीर घायल बालक को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वन विभाग और पुलिस टीम वन्यजीव की तलाश में जुटी है।

Sun, 8 Feb 2026 12:03 PMsandeep हिन्दुस्तान, संवाददाता, बहराइच
share
बहराइच में 8 साल के बच्चे पर तेंदुए का हमला, ग्रामीणों ने घेरा तो छोड़कर भागा, गांव में दहशत

बहराइच वन प्रभाग के नानपारा रेंज के बेला मकन गांव में शनिवार रात तेंदुए के हमले से गांव में दहशत फैल गई। खैरीघाट थाना क्षेत्र के बेला मकन निवासी 8 वर्षीय उमेश, पुत्र रमेश, रात करीब 8:30 बजे पड़ोसी के घर से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान अचानक किसी वन्यजीव ने उस पर झपट्टा मार दिया और गले से दबोचकर खींचने लगा। जान बचाने के लिए बालक ने हाथ-पैर चलाए और जोर-जोर से चीखने लगा।

बालक की चीख सुनकर आसपास के ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर दौड़े और शोर मचाते हुए घेराबंदी कर दी। लोगों की आवाज सुनकर वन्यजीव घायल बच्चे को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में बच्चे को बेहड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। फिलहाल बच्चे की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पत्नी ने तेंदुआ थ्योरी नकारी, बोली-हत्या हुई; किसान की मौत की गुत्थी उलझी
ये भी पढ़ें:इस जिले के गांवों में खौफ, एक और लड़की की गई जान; जबड़े में दबा ले गया तेंदुआ

घटना की सूचना मिलते ही नानपारा रेंजर पियूष गुप्ता, वन दरोगा बृजेश वर्मा और अन्य वनकर्मी मौके पर पहुंचे और गांव में कैंप कर रहे हैं। खैरीघाट थानाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह भी पुलिस बल के साथ पहुंचे। वन विभाग और पुलिस की टीम ग्रामीणों के सहयोग से इलाके में कांबिंग कर वन्यजीव की तलाश कर रही है। हालांकि अभी तक मिले पगचिह्नों से तेंदुए की पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।