महिला पुलिसकर्मी को बार-बार कॉल, उत्पीड़न में नपा यूपी पुलिस का हेड कांस्टेबल, बर्खास्त
यूपी के एक हेड कांस्टेबल पर ऐक्शन हुआ है। महिला पुलिसकर्मी को बार-बार कॉल, उत्पीड़न में हेड कांस्टेबल पर कार्रवाई की गई है। मुख्य आरक्षी जितेंद्र यादव को सेवा से बर्खास्त कर दिया है।

उत्तर प्रदेश के ललितपुर में पुलिस विभाग ने मंगलवार को अनुशासनहीनता और गंभीर आरोपों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरक्षी जितेंद्र यादव को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। आरोपी पर महिला पुलिसकर्मी को लगातार फोन कर मानसिक उत्पीड़न करने, धमकी देने और विभागीय छवि खराब करने जैसे गंभीर आरोप साबित हुए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने बताया कि जितेंद्र यादव महिला पुलिसकर्मी को बार-बार अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल कर परेशान करता था। वह उसे धमकियां देता था और निपटा देने तक की बात करता था, जिससे महिला कर्मी मानसिक रूप से प्रताड़ित हो रही थी। मामला सामने आने के बाद इसे गंभीरता से लेते हुए जांच बैठाई गई।
पुलिसकर्मियों से अवैध धन की मांग करता था
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी मुख्य आरक्षी अवकाश से जुड़ी पत्रावलियों के निस्तारण में पुलिसकर्मियों से अवैध धन की मांग करता था। इसके अलावा वह विभाग के भीतर अनर्गल अफवाहें फैलाकर माहौल खराब कर रहा था, जिससे पुलिस की छवि पर भी असर पड़ रहा था।
जांच झांसी के अपर पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई थी
पूरे प्रकरण की जांच झांसी के अपर पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई थी। विस्तृत जांच के बाद जितेंद्र यादव को सभी आरोपों में दोषी पाया गया। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद विभाग ने उसके खिलाफ बर्खास्तगी की प्रक्रिया शुरू की, जिसे मंगलवार को पूरा करते हुए उसे उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा से पदच्युत (डिसमिस) कर दिया गया। पुलिस विभाग ने इस कार्रवाई के जरिए साफ संदेश दिया है कि महिला उत्पीड़न, भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता जैसे मामलों में किसी भी स्तर पर कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।




साइन इन