इस विकास प्राधिकरण का बढ़ा दायरा, सीमा में 14 और गांव शामिल, योगी कैबिनेट ने दी मंजूरी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को कैबिनेट की बैठक हुईं। जिसमें बुलंदशहर-खुर्जा विकास प्राधिकरण का दायरा बढ़ाते हुए 14 और गांवों को शामिल करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।

Yogi Cabinet Decision: बुलंदशहर-खुर्जा विकास प्राधिकरण का दायरा बढ़ाते हुए 14 और गांवों को शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को हुई कैबिनेट की बैठक में यह फैसला हुआ। बुलंदशहर-खुर्जा विकास प्राधिकरण का गठन 21 अगस्त 1987 में किया गया। दिसंबर 1992 में विकास प्राधिकरण सीमा में तहसील बुलंदशहर के खुर्जा व सिकंद्राबाद नगर पालिका क्षेत्र के 119 गांवों को इसमें शामिल किया गया।
जून 1998 में जहांगीराबाद नगर पालिका परिषद के क्षेत्र, तहसील अनूपशहर के पांच गांव और बुलंदशहर के एक गांव को प्राधिकरण सीमा में शामिल किया गया। वर्ष 2006 में न्यू टाउनशिप क्षेत्र (चौबीसा) घोषित किया गया। इसमें गुलावठी नगर पालिका परिषद क्षेत्र और बुलंदशहर के 23 गांव (10 आंशिक) और तहसील सिकंद्राबाद के 16 गांवों को प्राधिकरण सीमा में शामिल किया गया। विकास प्राधिकरण सीमा में अब और 14 गांवों को शामिल करने का फैसला किया गया है।
संभल में गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे 245 करोड़ से होंगे काम
योगी कैबिनेट ने सोमवार को अटल इंडस्ट्रियल इन्फ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत संभल में गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे इंटीग्रेटेड लाजिस्टिक एंड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (आईएमएलसी) की स्थापना को मंजूरी दे दी। इसके तहत कैबिनेट ने 245.42 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को स्वीकृति दी है।
स्वीकृत राशि से सड़क, आरसीसी, नालियां, आरसीसी कल्वर्ट, फायर स्टेशन, अवर जलाशय, वाटर सप्लाई लाइन, फेंसिंग, इलेक्ट्रिसिटी व अवस्थापना से जुड़े कार्य होंगे। यूपीडा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे व गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे 29 स्थानों पर इंडस्ट्रियल कारिडोर परियोजना के तहत इंटीग्रेटेड लाजिस्टिक एंड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (आईएमएलसी) स्थापित करा रहा है। आईएमएलसी संभल से जुड़े निर्माण कार्य ईपीसी मोड पर कराए जाएंगे।
संभल में वंशगोपाल का 24 कोसीय तीर्थ परिक्रमा मार्ग होगा विकसित
यूपी कैबिनेट ने सोमवार को संभल में वंशगोपाल तीर्थ के 24 कोसी परिक्रमा मार्ग को विकसित करने की मंजूरी दे दी है। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि पक्का मार्ग उपलब्ध नहीं होने के की वजह से श्रद्धालुओं को कच्चे व कीचड़ युक्त मार्गों से होकर गुजरना पड़ता है। श्रद्धालुओं को कठिनाई होती है। धार्मिक व पौराणिक रूप से महत्वपूर्ण 24 कोसीय परिक्रमा के लिए पक्का मार्ग के निर्माण की मांग स्थानीय जनप्रतिनिधि लगातार कर रहे थे। वंशगोपाल एक प्राचीन तीर्थ स्थल है जहां एक पौराणिक कदंब का वृक्ष है। यह बहुत प्राचीन है और इसे भगवान श्री कृष्ण कालीन परंपरा की स्मृति माना जाता है। मार्ग विकसित करने की अनुमानित लागत 300 करोड़ 10 लाख 65 हजार रुपये है। इससे न केवल श्रद्धालुओं बल्कि किसानों को भी लाभ होगा।
ललितपुर मेडिकल कॉलेज के लिए 3250 वर्ग मीटर मुफ्त भूमि
यूपी राज्य सरकार ने ललितपुर में राजकीय मेडिकल कॉलेज में इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थलैब और 50/100 बेड के क्रिटकल केयर ब्लाक बनाने के लिए मौजा में 3250 वर्ग मीटर नजूल भूमि मुफ्त देगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को हुई कैबिनेट की बैठक में यह फैसला हुआ। राज्य सरकार ललितपुर जिला अस्पताल को उच्चीकृत कर राजकीय मेडिकल कॉलेज बना रही है। चिकित्सा शिक्षा विभाग ने इसके लिए भूमि की मांग की थी। मौजा ललितपुर में 1.416 हेक्टेयर नजूल भूमि है। यह भूमि नगर पालिका के खाते में दर्ज है। इसमें से 3250 वर्ग मीटर भूमि देने का फैसला किया गया है।




साइन इन