12 साल के लड़के ने दौड़ा दी कार; सड़क पर मचा हड़कंप, 1 KM पीछा कर पुलिस ने पकड़ा
संभल में 12 वर्षीय नाबालिग कार में अपने छोटे दोस्तों को बैठाकर शहर की सड़कों पर घूमता रहा। तेज रफ्तार कार से लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस ने करीब एक किलोमीटर तक पीछा कर वाहन रुकवाया और कार सीज कर दी। समय रहते कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।

संभल शहर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया, जब महज 12 वर्षीय नाबालिग अपने हमउम्र दोस्तों को कार में बैठाकर सड़कों पर तेज रफ्तार से घूमता नजर आया। व्यस्त मार्गों पर दौड़ रही कार को देखकर राहगीरों और वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। लोगों की सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने करीब एक किलोमीटर तक पीछा कर कार को रुकवाया और वाहन को सीज कर दिया। जानकारी के अनुसार, बिसौली गेट क्षेत्र से एक 12 वर्षीय नाबालिग कार लेकर निकला। कार में सात से आठ वर्ष आयु के दो-तीन बच्चे भी सवार थे। किशोर बिना किसी भय के शहर की सड़कों पर कार दौड़ाता हुआ साहूकारा मोहल्ला, सीकरी गेट और सलीम की पुलिया तक पहुंच गया।
सड़क पर कार से बचते आए लोग
इस दौरान कई वाहन चालक अचानक सामने आई कार से बचते नजर आए। लोगों ने जब नाबालिग को वाहन चलाते देखा तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही लैपर्ड पुलिस मौके पर पहुंची और कार का पीछा शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिसकर्मियों ने करीब एक किलोमीटर तक कार का पीछा किया, लेकिन किशोर ने वाहन नहीं रोका। आखिरकार रास्ते में सामने से ट्रैक्टर आने पर पुलिस ने कार को रुकवाने में सफलता हासिल की।
दोस्तों के साथ घूमने को कार लेकर निकला नाबालिग
पुलिस जांच में पता चला कि नाबालिग लक्ष्मणगंज पुलिस चौकी क्षेत्र का निवासी है। वह अपने दोस्तों के साथ घूमने के उद्देश्य से कार लेकर निकल पड़ा था। गनीमत रही कि इस दौरान कोई दुर्घटना नहीं हुई, अन्यथा यह लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें नाबालिग बच्चों को कार में बैठाकर वाहन चलाता दिखाई दे रहा है। हालांकि आपका प्रिय समाचार पत्र हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता। पुलिस ने मौके पर नाबालिग के परिजनों को बुलाया और उन्हें नाबालिगों को वाहन न सौंपने की सख्त हिदायत दी। कोतवाली प्रभारी अनुत तोमर ने बताया कि कार को सीज कर दिया गया है। साथ ही अभिभावकों को भविष्य में ऐसी लापरवाही न होने की चेतावनी दी गई है।
लोगों ने उठाए सवाल
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं कि आखिर इतनी कम उम्र के बच्चे के हाथ में कार की चाबी कैसे पहुंची। नागरिकों का कहना है कि अभिभावकों की थोड़ी सी लापरवाही न केवल उनके बच्चों बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान भी जोखिम में डाल सकती है। शहरवासियों ने पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते कार्रवाई होने से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।




साइन इन