लखनऊ की इन 4 योजनाओं में बनने जा रहे हैं 1105 फ्लैट, एलडीए की बोर्ड बैठक में फैसला
यूपी की राजधानी लखनऊ में 4 योजनाओं में 1105 फ्लैट बनने जा रहे हैं। कमिश्नर की अध्यक्षता में हुई एलडीए बोर्ड बैठक में इस पर भी मुहर लग गई। एलडीए ने इसके लिए डिमांड सर्वे कराया था।

लखनऊ में एलडीए चार योजनाओं में 1105 नए फ्लैट बनाएगा। कमिश्नर डॉ. रोशन जैकब की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई एलडीए बोर्ड बैठक में इस पर भी फैसला हुआ। इसके अनुसार ऐशबाग इंडस्ट्रियल एरिया योजना मिल रोड पर 320, बसंतकुंज योजना में 250, गोमती नगर विराज खंड में 285, गोमती नगर विस्तार सेक्टर-4, जी-20 रोड के पास 250 फ्लैट बनाए जाएंगे। एलडीए ने इसके लिए डिमांड सर्वे कराया था। इसमें निर्धारित फ्लैटों से काफी ज्यादा लोगों ने खरीदने में रुचि दिखाई। एलडीए के एमआईजी और एचआईजी भवनों में अवैध रूप से रह रहे लोगों को वर्तमान मूल्य के आधार पर नियमित किया जाएगा। पहले यह सुविधा ईडब्ल्यूएस तथा एलआईजी भवनों के लोगों को दी गई थी।
साउथ सिटी योजना का अनुबंध निरस्त
एलडीए ने रायबरेली रोड पर साउथ सिटी योजना के लिए यूनिटेक बिल्डर से किया गया अनुबंध निरस्त कर दिया है। हाल ही में प्राधिकरण ने जांच कराई तो पता चला कि बिल्डर ने इसके लेआउट में काफी परिवर्तन कर दिया है। एलडीए की जांच में पता चला कि इस कॉलोनी का विकास करने वाली यूनिटेक फर्म डिफॉल्टर हो गई है। इसका मामला एनसीएलटी न्यायालय में है। अनुबंध निरस्त करने से कॉलोनी की सभी संपत्तियों पर अब एलडीए का अधिकार होगा। वही उन्हें बेचेगा और उनके मानचित्र स्वीकृत करेगा। लेआउट में परिवर्तन, निष्पादित विक्रय अभिलेख में परिवर्तन करने का अधिकार भी एलडीए को होगा।
कैप्टन मनोज पांडे सैनिक स्कूल की भूमि लेगा
एलडीए कानपुर रोड स्थित कैप्टन मनोज पांडे उत्तर प्रदेश सैनिक स्कूल की 61.7 एकड़ भूमि लेगा। इस भूमि के बदले वह 258.34 करोड़ रुपये सैनिक स्कूल को देगा। वहीं, नेहरू एन्क्लेव में सेवा से चल रहा जमीन का विवाद खत्म होगा।
इन पर भी हुआ फैसला
● चारबाग में पीपीपी मोड पर बनेगा बस टर्मिनल। लेआउट में परिवर्तन किया गया है
● एयरपोर्ट के 110 एकड़ में व्यावसायिक मॉल के निर्माण के लिए लेआउट प्लान को स्वीकृति
● बिल्डिंग बायलाज को मंजूरी मिली। इमारतें भी बनेंगी।
● समायोजित भूखंडों/प्लॉटों के विनिमय अभिलेख हेतु एक्सचेंज रेट पर आवंटी द्वारा जो धनराशि जमा की गई होगी, उस पर स्टांप पेपर व अन्य शुल्क आवंटी वहन करेगा तथा समायोजन धनराशि पर स्टांप व अन्य शुल्क प्राधिकरण देगा
● आश्रयहीन योजनाओं के आवंटियों को, जिनके मकान पहले विवादित रहे हैं, उन्हें बिना ब्याज 18 वर्ष की मासिक किस्तों पर पैसा चुकाने की सुविधा
● कबीर नगर, देवपुर पारा योजना, आश्रयहीन योजना के फ्लैट अब 9,47,207 में बेचे जाएंगे
● वसंत कुंज में ई-ऑटो की चार्जिंग के लिए भूमि दी जाएगी
● जेपी सेंटर पीपीपी मॉडल पर संचालित किया जाएगा
● प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग सेल के अधिकारियों का मानदेय बढ़ेगा
पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होगी बिक्री
एलडीए पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर अपनी लोकप्रिय व्यावसायिक संपत्तियां बेचेगा। इनमें दुकान, हॉल, स्टोर को शामिल किया गया है। कुल 156 दुकानें चिह्नित की गई हैं, जिनकी कीमत 26.75 करोड़ रुपये है।




साइन इन