राजस्थान में इस 'फेक' एंटीबायोटिक को लेकर अलर्ट, 13 लाख की दवाएं जब्त
राजस्थान में एक एंटीबायोटिक दवा को नकली और अमानक घोषित कर दिया गया है। जांच में इसमें जरूरी तत्व नहीं पाया गया। प्रशासन ने जयपुर में छापेमारी कर करीब 12.78 लाख रुपये की दवाओं का भंडार जब्त कर लिया है।

राजस्थान में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग ने ‘किलमेड 625 एलबी’ एंटीबायोटिक दवा को नकली और अमानक घोषित कर दिया है। जयपुर की प्रयोगशाला में हुई जांच में पता चला कि इस दवा में जरूरी मुख्य घटक 'क्लेवुलेनिक एसिड' पूरी तरह गायब था। यह दवा हिमाचल प्रदेश की एक कंपनी द्वारा बनाई गई थी। विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जयपुर स्थित आईक्यूमेड हेल्थकेयर से करीब 12.78 लाख रुपये की दवाओं का स्टॉक जब्त कर लिया है। सरकार ने दवा की बिक्री और इस्तेमाल पर रोक लगा दी है। इस बीच अधिकारियों को पूरे राज्य में इस बैच की जांच के सख्त निर्देश दिए हैं।
राजस्थान के खाद्य सुरक्षा एवं ओषधि नियंत्रण आयुक्तालय ने एंटीबायोटिक दवा अमोक्सिसिलिन पोटैशियम क्लेवुलेनेट एंड लैक्टिक एसिड बेसिलस टैबलेट (किलमेड 625 एलबी)को गंभीर रूप से 'अमानक' यानी फेक घोषित कर दिया है।
नकली दवा को लेकर अलर्ट
राजस्थान के खाद्य सुरक्षा एवं ओषधि नियंत्रण आयुक्तालय ने इस नकली दवा को लेकर अलर्ट जारी किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जयपुर स्थित ओषधि परीक्षण प्रयोगशाला की रिपोर्ट में अमोक्सिसिलिन पोटैशियम क्लेवुलेनेट एंड लैक्टिक एसिड बेसिलस टैबलेट (किलमेड 625 एलबी) नामक दवा का नमूना गंभीर रूप से अमानक पाया गया।
आईक्यूमेड हेल्थकेयर के लिए भेजी गई थी
आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला ने बताया कि जांच में सामने आया कि दवा में दावे के अनुरूप 'क्लेवुलेनिक एसिड' मौजूद ही नहीं था, जो इसके प्रभाव के लिए आवश्यक घटक है। यह दवा बद्दी (हिमाचल प्रदेश) में निर्मित की गई थी। इस दवा को जयपुर स्थित 'आईक्यूमेड हेल्थकेयर' के लिए भेजी गई थी।
पूरे राज्य में होगी दवा की खोजबीन
इस दवा की खेप की पूरे राज्य में खोजबीन की जाएगी। औषधि नियंत्रक अजय फाटक ने बताया कि राज्य के सभी सहायक ओषधि नियंत्रकों और ओषधि नियंत्रण अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में इस बैच की उपलब्धता की जांच करें और आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
दवा कंपनी की अन्य दवाओं की भी होगी जांच
अधिकारी ने बताया कि संबंधित दवा कंपनी की अन्य दवाओं की भी जांच के आदेश जारी किए गए हैं। आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला ने बताया कि संबंधित निर्माता की अन्य दवाओं के नमूने भी जांच के लिए लेने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में विभाग ने जयपुर में गुर्जर की थड़ी स्थित 'आईक्यूमेड हेल्थकेयर' का निरीक्षण किया। इस दौरान करीब 12.78 लाख रुपये मूल्य की नकली और अमानक दवाओं का पूरा भंडार जब्त कर लिया गया। इन दवाओं के विक्रय और उपयोग पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।




साइन इन