rajasthan gas crisis food minister sumit godara says no need to panic congress making issue राजस्थान में गैस संकट पर खाद्य मंत्री का बयान; पैनिक न हों लोग, कांग्रेस बना रही मुद्दा, Rajasthan Hindi News - Hindustan
More

राजस्थान में गैस संकट पर खाद्य मंत्री का बयान; पैनिक न हों लोग, कांग्रेस बना रही मुद्दा

देश और प्रदेश में गैस आपूर्ति को लेकर उठ रही चिंताओं के बीच राजस्थान के खाद्य मंत्री सुमित गोदारा ने आम लोगों को भरोसा दिलाया है कि घरेलू उपभोक्ताओं को घबराने या पैनिक होने की कोई जरूरत नहीं है।

Thu, 12 March 2026 05:31 PMSachin Sharma लाइव हिन्दुस्तान, जयपुर
share
राजस्थान में गैस संकट पर खाद्य मंत्री का बयान; पैनिक न हों लोग, कांग्रेस बना रही मुद्दा

देश और प्रदेश में गैस आपूर्ति को लेकर उठ रही चिंताओं के बीच राजस्थान के खाद्य मंत्री सुमित गोदारा ने आम लोगों को भरोसा दिलाया है कि घरेलू उपभोक्ताओं को घबराने या पैनिक होने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार के पास घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

ईटीवी भारत से विशेष बातचीत में मंत्री सुमित गोदारा ने कहा कि सरकार लगातार बाजार की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। राज्य और जिला स्तर पर कंट्रोल रूम के जरिए नियमित फीडबैक लिया जा रहा है। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों को मैदान में रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

मिडिल ईस्ट हालात से आपूर्ति पर दबाव

मंत्री ने कहा कि गैस का बड़ा हिस्सा खाड़ी देशों से आयात किया जाता है। मिडिल ईस्ट में बने युद्ध जैसे हालात और अंतरराष्ट्रीय परिवहन संबंधी परिस्थितियों के कारण आपूर्ति श्रृंखला पर कुछ दबाव जरूर बना है, लेकिन सरकार ने समय रहते आवश्यक कदम उठाए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह स्थिति अस्थायी है और जल्द ही हालात सामान्य होने की उम्मीद है।

गोदारा ने बताया कि भारत सरकार के निर्देशों के अनुसार राजस्थान सरकार ने भी एहतियाती कदम उठाए हैं। इसी के तहत फिलहाल कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पर अस्थायी रोक लगाई गई है, ताकि घरेलू उपभोक्ताओं को किसी तरह की कमी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आम लोगों को राहत देना है और घरेलू सिलेंडरों की आपूर्ति किसी भी हाल में प्रभावित नहीं होने दी जाएगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:LPG संकट से हाहाकार, राजस्थान में 150 रिसॉर्ट बंद करने की तैयारी

होटल कारोबार पर असर, जरूरी सेवाएं बाहर

कमर्शियल सिलेंडरों पर लगी अस्थायी रोक के कारण होटल और पर्यटन कारोबार पर असर पड़ने की आशंका को लेकर मंत्री ने कहा कि सरकार इस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को इन प्रतिबंधों से पूरी तरह बाहर रखा गया है।

इसका मतलब है कि स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े संस्थानों को कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति बिना किसी रोक-टोक के जारी रहेगी। सरकार का पहला लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि आवश्यक सेवाओं पर किसी प्रकार का असर न पड़े।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:राजस्थान में गैस की किल्लत बढ़ी, सर्वर फेल…सीएम ने बुलाई आपात बैठक

अनावश्यक बुकिंग से बढ़ा दबाव

मंत्री ने कहा कि हाल के दिनों में गैस की कीमत और आपूर्ति को लेकर फैली अफवाहों के कारण लोगों में पैनिक की स्थिति बन गई है। इसके चलते गैस सिलेंडर की बुकिंग अचानक बढ़ गई है।

उन्होंने बताया कि पहले जहां एक गैस एजेंसी पर प्रतिदिन करीब 100 बुकिंग होती थीं, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 300 से 400 तक पहुंच गई है। इसी कारण कुछ जगहों पर बुकिंग में तकनीकी दिक्कतें और सर्वर पर दबाव देखने को मिला है।

गोदारा ने भरोसा दिलाया कि सरकार ने इस स्थिति को गंभीरता से लिया है और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले दो दिनों में बुकिंग से जुड़ी समस्याएं पूरी तरह खत्म हो जाएंगी और आपूर्ति व्यवस्था सामान्य हो जाएगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गैस की किल्लत पर राजस्थान विधानसभा में टकराव, जूली ने सब्सिडी मांगी
ये भी पढ़ें:क्या राजस्थान में महंगी हो जाएगी शादी की दावत? कमर्शियल LPG सिलेंडर पर रोक

कंट्रोल रूम और निगरानी व्यवस्था

खाद्य मंत्री ने बताया कि प्रदेश और राज्य स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। खाद्य विभाग से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश भी निरस्त कर दिए गए हैं, ताकि व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जा सके।

जिला स्तर पर अधिकारियों को गैस एजेंसियों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कहीं भी कालाबाजारी या अनियमितता की स्थिति न बन सके। उन्होंने कहा कि विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मैदान में उतरकर लगातार हालात का जायजा ले रहे हैं और जहां भी समस्या सामने आती है, वहां तुरंत कार्रवाई की जा रही है।

कांग्रेस पर लगाया राजनीति का आरोप

इस मुद्दे पर सियासत भी तेज हो गई है। मंत्री सुमित गोदारा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वैश्विक संकट के समय विपक्ष को जिम्मेदारी के साथ काम करना चाहिए, लेकिन कांग्रेस अनावश्यक बयानबाजी कर माहौल खराब करने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के समय पूरे देश ने एकजुट होकर मुकाबला किया था। उस समय राजस्थान में कांग्रेस की सरकार थी, लेकिन भाजपा ने विपक्ष में रहते हुए भी सरकार का सहयोग किया था।

गोदारा ने आरोप लगाया कि मौजूदा हालात में कांग्रेस आम जनता के बीच भ्रम और भय का माहौल पैदा करने की कोशिश कर रही है, जबकि सरकार लगातार गैस आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और आम उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की गंभीर समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।

मंत्री ने अंत में लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत होने पर ही गैस सिलेंडर की बुकिंग करें, ताकि वितरण व्यवस्था पर अनावश्यक दबाव न बने।

लेटेस्ट Hindi News, Rajasthan News, Jaipur News, Jodhpur News, Alwar News, Ajmer News, Udaipur News और Kota News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।