जयपुर में 2 जापानी सैलानी लापता, रेस्टोरेंट गए लेकिन नहीं लौटे; ड्राइवर ने कराई FIR
जयपुर में दो जापानी पर्यटक रहस्यमयी ढंग से लापता हो गए हैं। टैक्सी ड्राइवर की शिकायत पर पुलिस मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के जरिए उनकी तलाश कर रही है। ड्राइवर ने बताया कि दोनों होटल भी नहीं पहुंचे।

जयपुर में जापान के दो पर्यटक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। ये दोनों 6 फरवरी को दिल्ली आए थे। इसके बाद 7 फरवरी को टैक्सी से जयपुर पहुंचे थे। अशोक नगर इलाके के एक रेस्टोरेंट में गए ये पर्यटक वापस नहीं लौटे। टैक्सी ड्राइवर की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज में दोनों रेस्टोरेंट से 5 मिनट में निकलते दिखे हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। अभी तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिला है।
ड्राइवर ने दर्ज कराई शिकायत
अशोक नगर पुलिस थाने के SHO मोती लाल शर्मा ने कहा कि दो टूरिस्टों की ओर से किराए पर ली गई टैक्सी के ड्राइवर ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई है। दोनों जापानी लोग नई दिल्ली से जयपुर आए थे। दोनों ने बह्मपुरी इलाके में एक होटल लिया था। टैक्सी ड्राइवर दोनों को 7 फरवरी की रात अशोक नगर इलाके के एक रेस्टोरेंट में ले गया लेकिन वे वापस नहीं आए।
दूसरे दिन तक किया इंतजार फिर दी शिकायत
पुलिस अधिकारी ने बताया कि ड्राइवर ने 8 फरवरी की सुबह तक दोनों ही सैलानियों का इंतजार किया लेकिन उन्होंने उससे संपर्क नहीं किया। वे अपने होटल भी नहीं पहुंचे जिसके बाद ड्राइवर ने पुलिस से संपर्क किया और सोमवार को गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। रेस्टोरेंट के सीसीटीवी फुटेज में पाया गया कि दोनों 5 मिनट बाद ही वहां से निकल गए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाले
ड्राइवर की मानें तो दोनों को रणथंभौर और आगरा होते वापस दिल्ली लौटना था लेकिन वे उसको बताए बिना ही कहीं चले गए। टैक्सी चालक का कहना है कि दोनों के पास मोबाइल फोन हैं लेकिन उसने उनके नंबर नहीं लिए थे। ड्राइवर की शिकायत के आधार पर पुलिस होटल भी पहुंची और छानबीन की। पुलिस ने होटल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले हैं।
रेस्टोरेंट से होटल पहुंचे या नहीं इस बात की पड़ताल
पुलिस पता कर रही है कि दोनों रेस्टोरेंट से होटल पहुंचे थे या नहीं… इस पूरे प्रकरण की जांच कर रही पुलिस से अभी ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई है। दोनों सैलानी किसी हादसे या अनहोनी के शिकार तो नहीं हो गए। अशोक नगर पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस हर एंगल से शिकायत पर छानबीन कर रही है।




साइन इन