delhi traffic will be affected on several roads due to construction work दिल्ली के इन सड़कों पर चल रहा निर्माण कार्य; ट्रैफिक रहेगा प्रभावित, Ncr Hindi News - Hindustan
More

दिल्ली के इन सड़कों पर चल रहा निर्माण कार्य; ट्रैफिक रहेगा प्रभावित

दिल्ली के गोकलपुरी, जनकपुरी और महरौली जैसे कई प्रमुख इलाकों में विकास कार्यों के कारण ट्रैफिक जाम की समस्या हो रही है। ट्रैफिक पुलिस ने असुविधा से बचने के लिए डायवर्जन लागू किया है और लोगों को वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की सलाह दी है।

Tue, 10 Feb 2026 12:25 AMKrishna Bihari Singh हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
दिल्ली के इन सड़कों पर चल रहा निर्माण कार्य; ट्रैफिक रहेगा प्रभावित

दिल्ली में विकास कार्यों की वजह से कई रास्तों पर जाम लग रहा है। गोकलपुरी-भजनपुरा, स्वरूप नगर-बुराड़ी, जनकपुरी, महरौली, बादली, पटपड़गंज और सूरजमल विहार जैसे व्यस्त इलाकों में आवाजाही पर असर पड़ा है। इनमें से कुछ काम एक हफ्ते में पूरे हो जाएंगे जबकि कुछ लंबे समय तक चलेंगे। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने हर जगह डायवर्जन लागू किया है और वैकल्पिक रास्तों की सलाह दी है ताकि लोग समय पर अपनी मंजिल तक पहुंच सकें।

9 फरवरी से 31 मार्च तक ट्रैफिक रहेगा प्रभावित

कथिया बाबा मार्ग (स्वरूप नगर-बुराड़ी रोड) पर सीवर लाइन बिछाने के काम की वजह से 9 फरवरी से 31 मार्च तक ट्रैफिक प्रभावित रहेगा। इसको लेकर वैकल्पिक रास्ते सुझाए गए हैं। एसडीएम /स्वरुप नगर नाला रोड से भलस्वा लैंडफिल साइट (कूड़ा-खत्ता) की ओर जाने वाले वाहन चालक सीसी रोड होते हुए झंडा चौक से बुटाड़ी चौक जाएं। झंडा चौक से गुर्जर चौक, विजय चौक बुटाड़ी मार्ग अपनाएं। यही नहीं विजय चौक से गुर्जर चौक जाने वाले लैंडफिल साइट (कूड़ा-खत्ता) नाला टोड - एसडीएम कार्यालय, स्वरूप नगर मार्ग का उपयोग करें।

गोकलपुरी-भजनपुरा वजीराबाद रोड पर भी पाबंदियां

दिल्ली जल बोर्ड गोकलपुरी और भजनपुरा मेट्रो स्टेशन के बीच वजीराबाद रोड पर पानी की पाइपलाइन बिछा रहा है जिसकी वजह से अगले 15 दिनों तक यातायात प्रभावित रहेगा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। यात्री गोकलपुरी फ्लाईओवर अंडरपास से बाएं मुड़कर मौजपुर के रास्ते सीलमपुर या शास्त्री पार्क जा सकते हैं। इसके अलावा दुर्गापुरी चौक, मौजपुर और शाहदरा होते हुए भी शास्त्री पार्क पहुंचा जा सकता है।

प्रो. जोगिंदर सिंह मार्ग भी रहेगा प्रभावित

दिल्ली जल बोर्ड जनकपुरी के प्रो. जोगिंदर सिंह मार्ग पर पाइपलाइन का काम कर रहा है। इस कारण यह रास्ता एक हफ्ते के लिए थोड़ा बंद रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने इस रास्ते की जगह दूसरे रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। नजफगढ़ रोड और आउटर रिंग रोड से जनकपुरी जाने वाले लोग पंखा रोड, जेल रोड या धरम मार्ग से होकर लाल साई मार्ग जा सकते हैं। पंखा रोड से जनकपुरी डिस्ट्रिक्ट सेंटर जाने के लिए लोग लाल साई मार्ग, जेल रोड या धरम मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं।

एमबी रोड पर भी ट्रैफिक प्रभावित

दक्षिण दिल्ली के महरौली इलाके में मेट्रो के काम की वजह से एमबी रोड पर ट्रैफिक धीमा है। खानपुर टी-पॉइंट से संगम विहार की हमदर्द रेड लाइट तक रास्ता बदला गया है। यह काम एक हफ्ते तक चलने की उम्मीद है। साकेत से संगम विहार जाने वाले वाहन खानपुर टी-पॉइंट से चिराग दिल्ली होकर जा सकते हैं। संगम विहार से साकेत जाने वाले लोग हमदर्द रेड लाइट से रविदास मार्ग, तारा अपार्टमेंट और गोविंदपुरी मार्ग का रास्ता चुन सकते हैं।

हैदरपुर-बादली फ्लाईओवर पर लग रहा जाम

हैदरपुर से बादली फ्लाईओवर के पास मुकरबा चौक पर अंडरपास बनाने का काम चल रहा है जो 15 फरवरी तक पूरा हो जाएगा। इस वजह से फ्लाईओवर पर जाम लग रहा है। समय बचाने के लिए रोहिणी और नरेला से दिल्ली आने वाले लोग पीतमपुरा, आउटर रिंग रोड और मॉडल टाउन के रास्ते का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसी तरह मध्य दिल्ली से रोहिणी या नरेला जाने के लिए आजादपुर, वजीरपुर और रोहिणी रोड का रास्ता लिया जा सकता है। लोग रिंग रोड से पीतमपुरा होते हुए भी रोहिणी पहुंच सकते हैं।

पटपड़गंज रोड पर मंडावली रेलवे अंडरपास प्रभावित

पटपड़गंज रोड पर मंडावली रेलवे अंडरपास का निर्माण कार्य चल रहा है जिसकी वजह से मदर डेयरी से निर्माण विहार जाने वाला रास्ता बंद है। इस काम को पूरा होने में कई महीने लगेंगे। इससे अंडरपास के दूसरी तरफ से ही दोनों तरफ का ट्रैफिक निकल रहा है जिससे वहां अक्सर जाम लगा रहता है। इस जाम से बचने के लिए मदर डेयरी से निर्माण विहार जाने वाले लोग मदर डेयरी रोड से लक्ष्मी नगर कार बाजार जाएं और वहां से यू-टर्न लेकर विकास मार्ग के रास्ते निर्माण विहार पहुंचें। वहीं जो लोग निर्माण विहार से आ रहे हैं वे विकास मार्ग और मदर डेयरी रोड होकर पटपड़गंज गांव, वेस्ट विनोद नगर या गणेश नगर जा सकते हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दिल्ली में T-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप मैच के कारण इन डेट पर रहेंगी ट्रैफिक पाबंदियां
ये भी पढ़ें:दिल्ली में बढ़ी गर्मी; 3 दिन 20 की स्पीड से चलेंगी हवाएं, इस हफ्ते कैसा मौसम?
ये भी पढ़ें:दिल्ली के मंगोलपुरी में स्कूल के सामने छात्र पर हमला; सिर में फंसा चाकू, मौत

सूरजमल विहार रोड पर भी चल रहा काम

कड़कड़डूमा कोर्ट से न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी औद्योगिक क्षेत्र जाने वाले रास्ते पर क्रॉस रिवर मॉल के पास सूरजमल विहार रोड का निर्माण कार्य चल रहा है। यह काम एक सप्ताह में पूरा हो जाएगा और तब तक इस रास्ते पर यातायात प्रभावित रहेगा। वाहन चालक आनंद विहार थाने के पास वाली रेड लाइट से ईस्ट अर्जुन नगर और विश्वास नगर होते हुए न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी औद्योगिक क्षेत्र जा सकते हैं। सूरजमल विहार का दूसरा रास्ता खुला हुआ है।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।