NEET-UG पेपर लीक: गिरफ्तार 5 में से एक आरोपी का दावा- बड़े लोगों को बचाया जा रहा
NEET-UG पेपर लीक में CBI ने जयपुर, गुरुग्राम और नासिक से 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कोर्ट में पेशी के दौरान एक आरोपी ने दावा किया कि जांच में बड़े प्रभावशाली लोगों को बचाकर केवल आम लोगों को फंसाया जा रहा है।

NEET-UG पेपर लीक मामले में CBI ने जयपुर, गुरुग्राम और नासिक से 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जयपुर में पेशी के दौरान एक आरोपी ने दावा किया कि जांच में केवल आम लोगों को फंसाया जा रहा है जबकि प्रभावशाली 'बड़े लोगों' को बचाया जा रहा है। आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली ले जाया गया है। जांच में सामने आया कि सीकर के एक छात्र के पास सबसे पहले लीक पेपर पहुंचा था, जिसने इसे अन्य लोगों के साथ साझा किया। गिरफ्तार आरोपियों में उत्तराखंड का एक मेडिकल छात्र यश यादव भी शामिल है। राजस्थान पुलिस की शुरुआती जांच के बाद अब CBI इस नेटवर्क का पर्दाफाश करने में जुटी है।
मामले में 5 लोग अरेस्ट
बता दें कि CBI ने नीट-यूजी पेपर लीक मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से 3 जयपुर के हैं। जयपुर में CBI की ओर से गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक ने आरोप लगाया कि इस मामले में शामिल बड़े लोगों को बचाया जा रहा है। CBI ने बुधवार शाम को जयपुर में एक जज के सामने आरोपियों को पेश किया।
आगे और गिरफ्तारियां संभव
CBI के एक अधिकारी ने जज के आवास के बाहर पत्रकारों को बताया कि आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली ले जाया जा रहा है। जब संवाददाताओं ने गाड़ी में मौजूद आरोपियों से बात करने की कोशिश की तो उनमें से एक ने दावा किया कि बड़ों को बचाया जाता है और आम लोगों को परेशान किया जाता है। सूत्रों की मानें तो CBI अन्य संदिग्धों से विभिन्न शहरों में पूछताछ कर रही है। यही नहीं आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
गुरुग्राम से यश यादव पकड़ा गया
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, जयपुर से मांगीलाल बीवाल, विकास बीवाल और दिनेश बीवाल को गिरफ्तार किया गया है। वहीं गुरुग्राम से यश यादव और नासिक से शुभम खैरनार को दबोचा गया है। बता दें कि राजस्थान के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) ने इस लीक की जांच शुरू की थी। एसओजी की जांच में पता चला कि परीक्षा में पूछे गए सवालों जैसा एक 'गेस पेपर' सबसे पहले सीकर जिले के एक छात्र के पास आया था।
तकनीकी इनपुट के आधार पर ऐक्शन
यह छात्र केरल में MBBS की पढ़ाई कर रहा था। उसने बाद में इस पेपर को अपने दोस्तों और एक हॉस्टल मालिक के साथ शेयर किया। गुरुग्राम पुलिस के सूत्रों ने बताया कि एसओजी की टीम ने फर्रुखनगर इलाके के खेड़ा गांव के बीएएमएस के छात्र यश यादव को उसके घर से गिरफ्तार किया। यश उत्तराखंड के 'मंजीरा देवी मेडिकल कॉलेज' में फर्स्ट ईयर का छात्र है। वह सीकर में रहता था। वह वहीं कोचिंग क्लास लेता था। माना जा रहा है कि वह सीकर में ही पेपर लीक रैकेट से जुड़े कुछ लोगों के संपर्क में आया था। तकनीकी इनपुट और खुफिया जानकारी के आधार पर SOG की टीम ने सोमवार देर रात खेड़ा गांव में छापा मारा और उसे राजस्थान ले गई।




साइन इन