NEET पेपर लीक के बारे में कर दिया था आगाह, पुलिस और NTA को भी बताया; सीकर के आदमी का दावा
राजस्थान के सीकर के एक आदमी ने दावा किया है कि उसने नीट 2026 पेपर लीक के बारे में पुलिस और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी को इसकी सूचना दी थी। उन्होंने स्क्रीनशॉट, दस्तावेज और अन्य सामग्री इकट्ठा करने के बाद उन्हें एनटीए और अन्य एजेंसियों को भेजी। उसके बाद एनटीए तथा अन्य एजेंसियों ने कार्रवाई शुरू कर दी।

राजस्थान के सीकर के एक आदमी ने दावा किया है कि उसने नीट 2026 पेपर लीक के बारे में पुलिस और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी को इसकी सूचना दी थी। उन्होंने स्क्रीनशॉट, दस्तावेज और अन्य सामग्री इकट्ठा करने के बाद उन्हें एनटीए और अन्य एजेंसियों को भेजी। उसके बाद एनटीए तथा अन्य एजेंसियों ने कार्रवाई शुरू कर दी।
राजस्थान के एक व्हिसलब्लोअर ने दावा किया है कि उसने नीट 2026 पेपर लीक के बारे में अधिकारियों को आगाह किया था। उसने कहा कि परीक्षा के दिन कुछ संदिग्ध गतिविधियां देखने के बाद उसने पहले पुलिस और बाद में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) को इसकी सूचना दी।
तुरंत इस मुद्दे को उठाने का फैसला किया
सीकर जिले के रहने वाले शशिकांत सुथार ने न्यूज18 को बताया कि जिस दिन नीट की परीक्षा हुई थी, उसी दिन उन्हें मेडिकल प्रवेश परीक्षा से जुड़ी कथित गड़बड़ियों के बारे में जानकारी मिली। उन्होंने तुरंत इस मुद्दे को उठाने का फैसला किया। सुथार के मुताबिक उन्होंने सबसे पहले देर रात पुलिस से संपर्क किया, लेकिन उनसे कहा गया कि वे दस्तावेज और सबूत लेकर वापस आएं। उन्होंने बताया कि बाद में उन्होंने स्क्रीनशॉट, दस्तावेज और अन्य सामग्री इकट्ठा की, जिसके बाद उन्होंने यह जानकारी एनटीए और अन्य एजेंसियों को भेजी।
पूरे छात्र समुदाय को गलत नजर से नहीं देखा जाना चाहिए
सुथार ने बताया कि लगभग दो घंटों के भीतर ही हमें फोन आने शुरू हो गए। उसके बाद एनटीए तथा अन्य एजेंसियों ने कार्रवाई शुरू कर दी। नीट 2026 के पेपर लीक के कथित विवाद ने पूरे देश में एक बहस छेड़ दी है। विवाद के बीच सुथार ने छात्रों और सीकर के शिक्षा तंत्र का भी बचाव किया। उन्होंने कहा कि सीकर राजस्थान का एक प्रमुख कोचिंग हब है। सीकर के छात्र अच्छे नतीजे इसलिए हासिल करते हैं, क्योंकि वे बेहद कड़ी मेहनत करते हैं। कुछ आरोपों के कारण पूरे छात्र समुदाय को गलत नजर से नहीं देखा जाना चाहिए।
अनियमितताओं की ओर ध्यान दिलाया
सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रीय स्तर पर यह मामला तूल पकड़ने और कई एजेंसियों द्वारा अपनी जांच तेज करने से कुछ समय पहले से ही सुथार कथित लीक से जुड़े दस्तावेज और जानकारी इकट्ठा कर रहे थे। कथित अनियमितताओं की ओर ध्यान दिलाने में उनकी भूमिका अब राजस्थान के शिक्षा क्षेत्र में चर्चा का एक मुख्य विषय बन गई है। कई छात्रों और अभिभावकों का कहना है कि राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में पारदर्शिता के मुद्दे पर आवाज उठाना आसान नहीं है।
सच सामने आना ही चाहिए
सुथार ने कहा कि उनका मकसद किसी छात्र या संस्थान को निशाना बनाना नहीं, बल्कि उन उम्मीदवारों के हितों की रक्षा करना है जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पूरी ईमानदारी से करते हैं। उन्होंने कहा कि अगर किसी राष्ट्रीय परीक्षा में कोई गड़बड़ी होती है तो सबसे ज्यादा नुकसान मेहनती छात्रों का ही होता है। इसीलिए सच सामने आना ही चाहिए। नीट 2026 के कथित पेपर लीक मामले की जांच अभी चल रही है। एजेंसियां इस मामले से जुड़े दस्तावेजों, संभावित नेटवर्क और घटनाओं जांच कर रही हैं।




साइन इन