rajasthan bhiwadi blast 7 workers dna identification राजस्थान के भिवाड़ी ब्लास्ट में झुलसे 7 मजदूरों की अब DNA से होगी शिनाख्त, Jaipur Hindi News - Hindustan
More

राजस्थान के भिवाड़ी ब्लास्ट में झुलसे 7 मजदूरों की अब DNA से होगी शिनाख्त

बिहार के मोतिहारी से करीब एक हजार किलोमीटर दूर राजस्थान की औद्योगिक नगरी में बेहतर भविष्य की तलाश में आए सात मजदूरों की जिंदगी एक भीषण धमाके ने छीन ली। खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में रेडिमेड गारमेंट फैक्ट्री की आड़ में चल रही

Tue, 17 Feb 2026 10:30 PMSachin Sharma लाइव हिन्दुस्तान
share
राजस्थान के भिवाड़ी ब्लास्ट में झुलसे 7 मजदूरों की अब DNA से होगी शिनाख्त

बिहार के मोतिहारी से करीब एक हजार किलोमीटर दूर राजस्थान की औद्योगिक नगरी में बेहतर भविष्य की तलाश में आए सात मजदूरों की जिंदगी एक भीषण धमाके ने छीन ली। खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में रेडिमेड गारमेंट फैक्ट्री की आड़ में चल रही अवैध पटाखा यूनिट में हुए विस्फोट के बाद हालात इतने भयावह हैं कि शवों की पहचान भी संभव नहीं हो पा रही। अब मृतकों की शिनाख्त डीएनए और दांतों के सैंपल के जरिए की जाएगी।

30 हजार की नौकरी का सपना, डेढ़ महीने में खत्म

जानकारी के मुताबिक सभी मजदूर बिहार के मोतिहारी इलाके के रहने वाले थे। करीब डेढ़ महीने पहले ही उन्होंने यहां काम शुरू किया था। उन्हें 30 हजार रुपये महीने की सैलरी का लालच दिया गया था। परिवारों को उम्मीद थी कि बेटे-भाई की कमाई से घर की किस्मत बदलेगी, लेकिन नियति ने कुछ और ही तय कर रखा था।

मृतकों में एक युवक ऐसा भी था जिसकी शादी को महज दस महीने हुए थे। खुशहाल जिंदगी के सपने के साथ आया वह युवक अब राख में बदल चुका है। धमाका इतना भीषण था कि कई शव कंकाल जैसी अवस्था में मिले। पुलिस के अनुसार, पहचान करना लगभग असंभव हो गया है।

गारमेंट फैक्ट्री के नाम पर बारूद का खेल

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री कागजों में ‘रेडिमेड गारमेंट’ यूनिट के रूप में दर्ज थी, जबकि अंदर अवैध रूप से पटाखे तैयार किए जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों और बचे मजदूरों ने बताया कि 16 मजदूर अलग-अलग टेबल पर काम कर रहे थे। हर टेबल पर करीब 10-10 किलो बारूद और केमिकल खुले में रखा था। पास के कमरे में सैकड़ों किलो विस्फोटक सामग्री का स्टॉक जमा था।

आग लगते ही एक के बाद एक तीन जोरदार धमाके हुए। विस्फोट की तीव्रता इतनी थी कि फैक्ट्री की दीवारें ढह गईं और आसपास के इलाके में कांच के परखच्चे उड़ गए। धमाके के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:राजस्थान के ताज होटल में ACB की दबिश,PHED का चीफ इंजीनियर गिरफ्तार
ये भी पढ़ें:साध्वी प्रेम बाईसा की मौत पर कंपाउंडर देवी सिंह पर कानूनी संकट
ये भी पढ़ें:राजस्थान के भिवाड़ी धमाके के बाद सुलगते सवाल,हादसे ने सिस्टम की खोली पोल

सिस्टम पर सवाल

मजदूरों के बयान सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल रहे हैं। फैक्ट्री में न तो अग्निशमन के पर्याप्त इंतजाम थे और न ही विस्फोटक सामग्री के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था। खुले में बारूद और केमिकल के साथ काम कराया जा रहा था। सवाल यह भी उठ रहा है कि औद्योगिक क्षेत्र में इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री कैसे जमा की गई और स्थानीय प्रशासन को इसकी भनक क्यों नहीं लगी।

FIR दर्ज, मालिक फरार

मृतक मिन्टू के भाई राजकिशोर की शिकायत पर पुलिस ने फैक्ट्री मालिक राजेंद्र कुमार, हेमंत शर्मा, मैनेजर अभिनंदन और ठेकेदार अजीत के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है।

घटना के तुरंत बाद मुख्य आरोपी राजेंद्र कुमार मोबाइल बंद कर फरार हो गया। पुलिस टीमें उसकी तलाश में उत्तर प्रदेश रवाना हो चुकी हैं। मैनेजर अभिनंदन को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।

DNA और दांतों के सैंपल से पहचान

खैरथल एसपी मनीष कुमार ने बताया कि एफएसएल टीम ने घटनास्थल से सैंपल एकत्र किए हैं। शव पूरी तरह जल चुके हैं, इसलिए पारंपरिक पहचान संभव नहीं है। अब फॉरेंसिक लैब में डीएनए प्रोफाइलिंग और दांतों के सैंपल के जरिए मृतकों की शिनाख्त सुनिश्चित की जाएगी।

परिजनों से भी डीएनए सैंपल लिए जाएंगे, ताकि मिलान कर अंतिम पुष्टि की जा सके। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

सात परिवारों पर टूटा कहर

इस हादसे ने बिहार के सात परिवारों की दुनिया उजाड़ दी है। गांवों में मातम पसरा है। जिन घरों में कुछ महीने पहले तक नए सपनों की बातें होती थीं, वहां अब सन्नाटा है।

भिवाड़ी का यह हादसा सिर्फ एक औद्योगिक दुर्घटना नहीं, बल्कि अवैध गतिविधियों और प्रशासनिक लापरवाही का गंभीर संकेत है। डीएनए रिपोर्ट का इंतजार जहां परिवारों की पहचान की पीड़ा को खत्म करेगा, वहीं यह मामला यह भी तय करेगा कि जिम्मेदारों पर कब और कितनी सख्त कार्रवाई होती है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।