अजमेर में आज पीएम मोदी की हुंकार, 16,686 करोड़ की सौगात देंगे पीएम मोदी
राजस्थान की राजनीति और विकास के परिदृश्य में आज का दिन अहम माना जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अजमेर पहुंचेंगे, जहां वे कायड़ विश्रामस्थली में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।

राजस्थान की राजनीति और विकास के परिदृश्य में आज का दिन अहम माना जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अजमेर पहुंचेंगे, जहां वे कायड़ विश्रामस्थली में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के केंद्र में बालिकाओं के स्वास्थ्य से जुड़ा बड़ा कदम—ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत—रहेगा। यह अभियान 9 से 14 वर्ष की बच्चियों में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के उद्देश्य से शुरू किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री सुबह करीब 11 बजे अजमेर पहुंचेंगे। कायड़ विश्रामस्थली के पास बने हेलीपैड पर भाजपा नेताओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे मंच पर पहुंचकर पहले एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान का शुभारंभ करेंगे और फिर विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, हाईवे पर डायवर्जन
सभा को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पांच हजार से अधिक पुलिसकर्मी और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां तैनात हैं। सभा स्थल को पूरी तरह सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। जिले में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है। नेशनल हाईवे-8 पर किशनगढ़ से अजमेर के बीच सुबह 6 बजे से भारी वाहनों को डायवर्ट किया गया है, ताकि यातायात प्रभावित न हो और कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
16,686 करोड़ की 43 परियोजनाएं
प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम में लगभग 16,686 करोड़ रुपये की लागत वाली 43 प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इनमें शहरी विकास, पेयजल आपूर्ति, सड़क, रेलवे, सिंचाई, ऊर्जा और औद्योगिक बुनियादी ढांचे से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।
करीब 8,554 करोड़ रुपये की 34 परियोजनाएं शहरी विकास, जलदाय विभाग, लोक निर्माण विभाग, ऊर्जा, जल संसाधन और उद्योग क्षेत्रों से संबंधित हैं। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग और ऊर्जा क्षेत्र की लगभग 8,132 करोड़ रुपये की 9 प्रमुख परियोजनाओं का भी लोकार्पण-शिलान्यास होगा।
राष्ट्रीय राजमार्ग और एलिवेटेड रोड परियोजनाएं
प्रधानमंत्री 4,516 करोड़ रुपये से अधिक की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इनमें बांदीकुई से जयपुर तक लगभग 1,207 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला 4 लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे शामिल है। इसके अलावा दिल्ली-वडोदरा एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के पैकेज-14 सेक्शन में एनएच-76 जंक्शन से एनएच-12 पर उम्मेदपुरा गांव तक 8 लेन कैरिज-वे का कार्य भी शामिल है।
जयपुर में सांगानेर फ्लाईओवर से मालपुरा गेट तक 286 करोड़ रुपये से अधिक की लागत की एलिवेटेड रोड, जोधपुर में महामंदिर से अखलिया चौराहे तक 1,243 करोड़ रुपये की 4 लेन एलिवेटेड रोड और बारां जिले में मालबमोरी-मांगरोल-बारां राज्य राजमार्ग परियोजना का शिलान्यास भी किया जाएगा।
पेयजल और ऊर्जा क्षेत्र में बड़ी पहल
नोनेरा वृहद पेयजल परियोजना के 1,021 करोड़ रुपये से अधिक लागत के चार पैकेज और परवन अकावद वृहद पेयजल परियोजना के 2,247 करोड़ रुपये की लागत के पांच पैकेजों की आधारशिला रखी जाएगी।
ऊर्जा क्षेत्र में 3,616 करोड़ रुपये की पारेषण प्रणाली का लोकार्पण किया जाएगा। साथ ही 220 केवी के पांच और 400 केवी के दो ग्रिड सब-स्टेशनों का शिलान्यास होगा। जोधपुर-पाली मारवाड़ औद्योगिक क्षेत्र में आधारभूत संरचना और पेयजल आपूर्ति से संबंधित कार्यों की भी शुरुआत की जाएगी।
21,863 युवाओं को नियुक्ति पत्र
कार्यक्रम का एक अहम हिस्सा युवाओं को रोजगार से जोड़ने का भी है। प्रधानमंत्री राज्य सरकार के विभिन्न विभागों और संगठनों में चयनित 21,863 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। इनमें 3,320 से अधिक पटवारी, 2,291 संविदा कनिष्ठ तकनीकी एवं लेखा सहायक, 2,590 पशुधन सहायक, 3,822 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) और 7,357 से अधिक पब्लिक हेल्थ केयर नर्स, लैब तकनीशियन, नर्सिंग प्रभारी व अन्य पद शामिल हैं।
स्वास्थ्य और विकास का संगम
अजमेर की यह सभा केवल राजनीतिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे के नजरिये से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। एक ओर बालिकाओं में कैंसर की रोकथाम के लिए एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत, तो दूसरी ओर हजारों करोड़ की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ—यह कार्यक्रम स्वास्थ्य, रोजगार और विकास के त्रिकोण को एक साथ मंच पर लाने का प्रयास माना जा रहा है।
अब निगाहें प्रधानमंत्री के संबोधन पर टिकी हैं, जहां वे राज्य की जनता को विकास योजनाओं और आगामी दिशा पर अपना संदेश देंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन