pm modi ajmer rally cervical cancer prevention campaign youth jobs announcement अजमेर में पीएम मोदी की जनसभा कल,सर्वाइकल कैंसर रोकथाम अभियान की शुरुआत, हजारों युवाओं को नौकरी, Jaipur Hindi News - Hindustan
More

अजमेर में पीएम मोदी की जनसभा कल,सर्वाइकल कैंसर रोकथाम अभियान की शुरुआत, हजारों युवाओं को नौकरी

राजस्थान के तीर्थनगरी अजमेर में शनिवार को बड़ा राजनीतिक और विकासात्मक आयोजन होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह करीब 11 बजे अजमेर पहुंचेंगे, जहां कायड़ विश्रामस्थली में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।

Fri, 27 Feb 2026 10:40 PMSachin Sharma लाइव हिन्दुस्तान
share
अजमेर में पीएम मोदी की जनसभा कल,सर्वाइकल कैंसर रोकथाम अभियान की शुरुआत, हजारों युवाओं को नौकरी

राजस्थान के तीर्थनगरी अजमेर में शनिवार को बड़ा राजनीतिक और विकासात्मक आयोजन होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह करीब 11 बजे अजमेर पहुंचेंगे, जहां कायड़ विश्रामस्थली में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान की औपचारिक शुरुआत करेंगे।

यह अभियान प्रदेश की लाखों बच्चियों के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार एचपीवी संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है और समय पर टीकाकरण से इसके खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। प्रधानमंत्री के हाथों इसकी शुरुआत को राज्य सरकार महिला स्वास्थ्य सशक्तिकरण के बड़े संदेश के रूप में देख रही है।

सभा स्थल पर सुरक्षा का कड़ा पहरा

प्रधानमंत्री की यात्रा को लेकर अजमेर में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियों के साथ पांच हजार से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। सभा स्थल और आसपास के इलाकों को सुरक्षा घेराबंदी में लिया गया है। शहर के प्रमुख मार्गों और प्रवेश द्वारों पर चेकिंग बढ़ा दी गई है।

नेशनल हाईवे-8 पर किशनगढ़ से अजमेर के बीच 28 फरवरी सुबह 6 बजे से भारी वाहनों का डायवर्जन लागू रहेगा। मांगलियावास, नसीराबाद बाइपास, किशनगढ़ बाइपास, मकराना, थांवला, कडेल चौराहा, घूघरा गांव और लाड़पुरा तिराहे समेत कई स्थानों से भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। प्रशासन ने आमजन से यातायात व्यवस्था में सहयोग की अपील की है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:आबूराज, कामवन और यज्ञपुर: माउंट आबू समेत राजस्थान के 3 शहरों का बदलेगा नाम
ये भी पढ़ें:पीएम मोदी के आगमन से पहले अजमेर में सुरक्षा का कड़ा कवच
ये भी पढ़ें:सदन में बुकलेट विवाद, मंत्री अविनाश गहलोत ने कांग्रेस पर लगाया आरोप

16 हजार करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण

प्रधानमंत्री इस दौरे में प्रदेश को करीब 16,686 करोड़ रुपये की 43 प्रमुख परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें शहरी विकास, पेयजल, सड़क, सिंचाई, ऊर्जा और औद्योगिक आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।

राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के तहत 4,516 करोड़ रुपये से अधिक के कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। बांदीकुई से जयपुर तक चार लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, दिल्ली-वडोदरा एक्सप्रेसवे के पैकेज सेक्शन में आठ लेन कैरिज-वे, तथा प्रदेशभर में राजमार्गों के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के कार्य प्रमुख हैं।

जयपुर में सांगानेर फ्लाईओवर से मालपुरा गेट तक एलिवेटेड रोड, जोधपुर में महामंदिर से अखलिया चौराहे तक चार लेन एलिवेटेड रोड और बारां जिले में मालबमोरी-मांगरोल-बारां राज्य राजमार्ग का शिलान्यास भी कार्यक्रम का हिस्सा रहेगा।

पेयजल क्षेत्र में नोनेरा वृहद पेयजल परियोजना और परवन अकावद वृहद पेयजल परियोजना के कई पैकेजों की आधारशिला रखी जाएगी। बिजली पारेषण को सुदृढ़ करने के लिए 3616 करोड़ की पारेषण प्रणाली का लोकार्पण तथा 220 केवी और 400 केवी के ग्रिड सब-स्टेशन का शिलान्यास भी प्रस्तावित है।

युवाओं को नियुक्ति पत्र

इस अवसर पर प्रधानमंत्री राज्य के विभिन्न विभागों में चयनित 21 हजार 863 युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित करेंगे। इनमें पटवारी, पशुधन सहायक, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, सार्वजनिक स्वास्थ्य नर्स, तकनीकी सहायक और अन्य पद शामिल हैं। इसे राज्य में रोजगार सृजन के बड़े कदम के रूप में प्रचारित किया जा रहा है।

भाजपा ने निकाला मशाल जुलूस

प्रधानमंत्री की सभा को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। शहर भाजपा की ओर से शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित कर मशाल जुलूस निकाला गया। विभिन्न मार्गों से निकले जुलूस में आमजन को सभा में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी सहित कई नेता मौजूद रहे।

अजमेर की यह सभा राजनीतिक दृष्टि से भी अहम मानी जा रही है। एक ओर महिला स्वास्थ्य सुरक्षा पर केंद्रित अभियान की शुरुआत, दूसरी ओर हजारों करोड़ की विकास योजनाओं की घोषणा—इन सबके बीच राजस्थान की सियासत और विकास एजेंडा दोनों पर नजरें टिकी रहेंगी।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।