MP से राजस्थान तक सक्रिय गैंग,चोरी के बाद महिला निगल जाती थी गहने; ऑपरेशन में निकले मंगलसूत्र
राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में पुलिस ने एक ऐसे महिला चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसकी चोरी करने की तरकीब सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई।

राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में पुलिस ने एक ऐसे महिला चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसकी चोरी करने की तरकीब सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई। यह गिरोह मध्य प्रदेश के नीमच जिले से कार में सवार होकर राजस्थान आता था और भीड़भाड़ वाले धार्मिक आयोजनों में महिलाओं के गहने चोरी करता था। चोरी के बाद शक से बचने के लिए आरोपी महिलाएं गहनों को निगल जाती थीं या कपड़ों में छिपा लेती थीं।
मामला भीलवाड़ा जिले के कोटड़ी क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने सात महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में शानू (31), व्रतिका (20), बरजी बाई (52), बसंती (60), मैना (28), पायल (20) और सपना (32) शामिल हैं। सभी महिलाएं मध्य प्रदेश के नीमच जिले के अलग-अलग गांवों की रहने वाली हैं।
शीतला सप्तमी के मेले में की वारदात
कोटड़ी थानाधिकारी महावीर मीणा के अनुसार, शीतला सप्तमी के दिन कोटड़ी स्थित चारभुजा मंदिर में रंगोत्सव का बड़ा धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। भीड़ का फायदा उठाने के लिए यह महिला गिरोह भी मंदिर परिसर में पहुंच गया।
भीड़ में घुसकर गिरोह की महिलाओं ने श्रद्धालुओं को निशाना बनाना शुरू किया। इसी दौरान कोटड़ी निवासी राधा अहीर के गले से सोने का मंगलसूत्र और छह सोने के मोतियों का हार चोरी कर लिया गया। जब राधा अहीर मंदिर से बाहर निकलीं तो उन्हें पता चला कि उनके गले से दोनों जेवरात गायब हैं। इसके बाद उन्होंने कोटड़ी थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
सीसीटीवी से मिला सुराग
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज में कुछ संदिग्ध महिलाएं मंदिर परिसर में घूमती हुई दिखाई दीं। जांच में सामने आया कि ये महिलाएं बाहरी राज्य से आई हुई हैं और संगठित तरीके से वारदात को अंजाम देती हैं।
पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी। बुधवार रात गश्त के दौरान पुलिस टीम को सात संदिग्ध महिलाएं एक कार में घूमती हुई नजर आईं। पुलिस ने कार को रुकवाकर सभी महिलाओं को हिरासत में ले लिया और पूछताछ शुरू की।
पूछताछ में कबूली चोरी
थाने में पूछताछ के दौरान महिलाओं ने मंदिर में गहने चोरी करने की वारदात कबूल कर ली। इसके बाद गुरुवार देर शाम पुलिस ने सातों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को शक था कि चोरी किए गए गहने आरोपियों के पास हो सकते हैं, इसलिए सभी का मेडिकल परीक्षण और एक्स-रे करवाया गया।
मेडिकल जांच के दौरान डॉक्टर और पुलिस दोनों चौंक गए। एक्स-रे में एक महिला के पेट में संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। जांच में पता चला कि महिला के पेट में सोने का मंगलसूत्र और छह सोने के मोती मौजूद हैं।
डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर निकाले गहने
इसके बाद सपना नाम की आरोपी महिला को भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों की टीम ने चिकित्सकीय प्रक्रिया के जरिए उसके पेट से मंगलसूत्र और सोने के मोती बाहर निकाले। बरामद गहनों को पुलिस ने जब्त कर लिया है।
शक से बचने के लिए अपनाती थीं अनोखा तरीका
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे भीड़भाड़ वाले धार्मिक आयोजनों, मेलों और बाजारों को निशाना बनाती थीं। भीड़ में महिलाओं के गले से गहने झपटने के बाद वे तुरंत उन्हें निगल जाती थीं या कपड़ों में छिपा लेती थीं। ऐसा इसलिए किया जाता था ताकि पुलिस जांच के दौरान उनके पास से कोई सबूत न मिले और शक से बचा जा सके।
अन्य वारदातों की भी जांच
थानाधिकारी महावीर मीणा ने बताया कि गिरोह से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने राजस्थान के अन्य इलाकों में भी इस तरह की वारदातें की हैं या नहीं। पुलिस को शक है कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय है और कई जिलों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और गिरोह के नेटवर्क तथा अन्य संभावित साथियों की जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन