250 स्कॉर्पियो का लालच देकर करोड़ों ऐंठे, राजस्थान SOG ने ठगी के नेटवर्क का किया भंडाफोड़
राजस्थान में सस्ती स्कॉर्पियो और फॉर्च्यूनर देने का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (SOG) ने इस मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है।

राजस्थान में सस्ती स्कॉर्पियो और फॉर्च्यूनर देने का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (SOG) ने इस मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी सुरेश सैनी गिरोह का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है, जिसने ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी की।
SOG के अतिरिक्त महानिदेशक त्रशाल बंसल ने बताया कि आरोपी सोशल मीडिया और क्रिप्टो करेंसी के नाम पर लोगों को निवेश के लिए फंसाते थे। इस पूरे नेटवर्क के जरिए आम लोगों से करोड़ों रुपये ऐंठे गए। पुलिस को उम्मीद है कि इस गिरफ्तारी से ठगी के इस बड़े नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचने में मदद मिलेगी।
क्रिप्टो कॉइन और वेबसाइट के जरिए बुना ठगी का जाल
SOG की जांच में सामने आया कि इस पूरे घोटाले का मास्टरमाइंड बंशीलाल उर्फ प्रिन्स सैनी है। उसने एक सॉफ्टवेयर डेवलपर की मदद से www.harvestusdt.com नाम की वेबसाइट तैयार करवाई थी। इसके साथ ही ‘हार्वेस्ट एआई टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड’ नाम से एक कंपनी बनाकर अपना खुद का डिजिटल कॉइन ‘एचवीटी (HVT)’ लॉन्च करने का झूठा प्रचार किया गया।
गिरोह ने फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बड़े पैमाने पर प्रचार किया। लोगों को बताया गया कि कंपनी में निवेश करने पर बेहद कम कीमत में महंगी गाड़ियां मिलेंगी। ठगों ने दावा किया कि महज 5.90 लाख रुपये में स्कॉर्पियो और 12 लाख रुपये में फॉर्च्यूनर उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए शुरुआत में सिर्फ 250 रुपये देकर आईडी बनाने का लालच दिया जाता था।
इस योजना के झांसे में आकर हजारों लोगों ने निवेश करना शुरू कर दिया। जांच में सामने आया कि गिरोह ने करीब 82 हजार लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनसे करोड़ों रुपये वसूल लिए।
भव्य कार्यक्रम कर लोगों को किया भरोसे में
लोगों का विश्वास जीतने के लिए गिरोह ने 15 अक्टूबर 2025 को जोधपुर जिले के भोपालगढ़ में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम में 250 स्कॉर्पियो गाड़ियां इनाम के तौर पर देने की घोषणा की गई। इस झूठे वादे के जरिए 251 लोगों से करीब 15 करोड़ रुपये की ठगी की गई।
पुलिस के अनुसार यह कार्यक्रम पूरी तरह से सुनियोजित था, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को निवेश के लिए आकर्षित किया जा सके।
गिरफ्तार आरोपी ने गांवों में फैलाया जाल
ताजा कार्रवाई में गिरफ्तार सुरेश सैनी जोधपुर जिले के भोपालगढ़ क्षेत्र में जेसीबी रिपेयर का काम करता है। जांच में सामने आया कि वह इस गिरोह का प्रमुख चेहरा था और ग्रामीण इलाकों में लोगों को निवेश के लिए प्रेरित करता था।
सुरेश सैनी ने अकेले ही ग्रामीण क्षेत्रों के 56 लोगों को सस्ती स्कॉर्पियो दिलाने का झांसा देकर करीब 3.5 करोड़ रुपये वसूले। इसके अलावा उसने कंपनी में 1173 आईडी लगवाकर करीब 28 लाख रुपये का निवेश भी करवाया। ठगी से मिले पैसे से उसने अपने भाई के नाम पर एक स्कॉर्पियो गाड़ी भी खरीदी थी, जिसे SOG ने जब्त कर लिया है।
ऐशो-आराम में उड़ाई ठगी की रकम
SOG की जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के सदस्यों ने लोगों से ठगे गए पैसे को अपने ऐशो-आराम पर खर्च किया। आरोपियों ने महंगी गाड़ियां खरीदीं और समाज में अपनी छवि बेहतर दिखाने के लिए सामाजिक और धार्मिक संगठनों को दान भी दिया।
पुलिस के अनुसार इस मामले में मुख्य आरोपी बंशीलाल उर्फ प्रिन्स सैनी, ममता सैनी और दिनेश बागड़ी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब सुरेश सैनी की गिरफ्तारी के बाद SOG इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
जांच एजेंसियों का मानना है कि इस ठगी के तार कई राज्यों तक जुड़े हो सकते हैं और आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन