बैंक अफसर पति से मिलने जिस टैक्सी से जाती थी पत्नी उसके ड्राइवर से हो गया प्यार; रच डाली खौफनाक साजिश
राजस्थान के अलवर में एक पत्नी को पति की हत्या की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि उसका एक टैक्सी ड्राइवर से अवैध संबंध स्थापित हो गया था। पति एक निजी बैंक में अधिकारी है।

राजस्थान के अलवर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों की बुनियाद को झकझोर कर रख दिया है। एक निजी बैंक के बड़े अधिकारी कर्णव खत्री की हत्या की साजिश रचने के आरोप में पुलिस ने उसकी पत्नी अर्चना अरोड़ा और उसके प्रेमी ऋषभ शर्मा को गिरफ्तार किया है। एनईबी पुलिस थाने की ओर से की गई गिरफ्तारी के बाद अर्चना को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि ऋषभ को एक दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है।
अलवर सीओ सिटी अंगद शर्मा ने बताया कि खत्री (32) ने 7 मार्च को अपनी पत्नी के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत में बताया था कि उनकी शादी गोविंदगढ़ की रहने वाली अर्चना (30) के साथ 2018 में हुई थी। उनके दो बच्चे हैं। शिकायत के मुताबिक, खत्री की तैनाती जयपुर स्थित एक निजी बैंक में थी। अर्चना उनसे मिलने के लिए अक्सर ऋषभ की टैक्सी से जाया करती थी। बताया जा रहा है कि टैक्सी में आते-जाते अर्चना की दोस्ती ऋषभ से हो गई। दोनों बाद में एक दूसरे को चाहने लगे और उनके बीच अवैध संबंध स्थापित हो गए। इसके बाद दोनों की साथ जिंदगी बिताने की ख्वाहिश हो गई।
पति ने पुलिस को सौंपे सबूत
पति की ओर से दी गई शिकायत के मुताबिक अर्चना ने 7 सितंबर 2025 को प्रेमी ऋषभ के साथ घर छोड़ दिया था। वह अपने साथ छोटे बेटे और 5 लाख रुपये के कैश-गहने भी ले गई थी। पुलिस के मुताबिक, 8 फरवरी 2026 को ऋषभ ने वॉट्सऐप कॉल करके खत्री को धमकी दी। शिकायत में कहा गया कि एक बार घर लौटने के बाद अर्चना दोबारा ऋषभ के पास रहने चली गई। मार्च 2026 में कथित तौर पर ऋषज्ञ को टैक्सी से जयपुर ले गया और रास्ते में उसकी हत्या की कोशिश की। इसके बाद खत्री ने पुलिस को शिकायत दी और सबूत के तौर पर ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सौंपी।
50 लाख रुपये की डिमांड और धमकी
पुलिस ने यह भी बताया कि 22 दिसंबर को अर्चना ने अपने पति और मायके वालों के साथ आकर ऋषभ के खिलाफ रेप केस दर्ज कराया था। हालांकि, बाद में वह अपने बयान से पलट गई। आरोप है कि ऋषभ के जेल जाने के बाद अर्चना ने पति को धमकी भरा लेटर भी भेजा था। इसमें लिखा गया था, 'मैंने विवाद खत्म करने 30 लाख रुपये की मांग की थी। लेकिन तुमने ऋषभ को जेल भेज दिया। अब तुम 50 लाख रुपये दोगे, नहीं तो तुम्हें और तुम्हारी मां को खत्म कर दिया जाएगा। हम बच्चों को अनाथालय में डाल देंगे। तुम्हारे खिलाफ राजगढ़ में केस दर्ज किया गया है। जिस दिन तुम कोर्ट में आओगे, उसी दिन खत्म कर दिया जाएगा।'
रिपोर्ट- हंसराज




साइन इन