अचानक बदला अलवर का मौसम, कई इलाकों में झमाझम बारिश, गिरे ओले; फसलों को हुआ भारी नुकसान
राजस्थान के अलवर का मौसम अचानक बदल गया है। यहां शनिवार रात और रविवार सुबह तेज बारिश देखने को मिली है। इसके साथ ही ओलावृष्टि भी हुई है।

अलवर जिले के भिवाड़ी क्षेत्र में शनिवार रात को मौसम ने अचानक करवट ली। इस दौरान तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। दिनभर गर्मी से परेशान लोगों को भले ही कुछ राहत मिली, लेकिन किसानों के लिए यह बारिश आफत बनकर आई। रात करीब 11 बजे के बाद तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बारिश कुछ ही देर में ओलों में बदल गई। कई स्थानों पर चने के दाने जितने बड़े ओले गिरे, जिससे खेतों में खड़ी फसल को भारी नुकसान पहुंचा।
गर्मी से मिली राहत
पिछले करीब 15 दिनों से क्षेत्र में लगातार तेज गर्मी पड़ रही थी और तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। दिन में तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग परेशान थे, लेकिन शनिवार रात अचानक मौसम बदल गया। तेज हवा के साथ आई बारिश और ओलों ने तापमान में गिरावट ला दी, जिससे रात और रविवार सुबह मौसम ठंडा हो गया।
क्या बोले किसान
किसान रामपाल ने बताया कि देर रात हुई बारिश के बाद गिरे ओलों से सबसे अधिक नुकसान किसानों को हुआ है। इस समय गेहूं, सरसों और सब्जियों की फसल पककर तैयार है और फसल की कटाई भी चल रही है। ओलों की मार से कई खेतों में फसल जमीन पर बिछ गई, जिससे उत्पादन पर सीधा असर पड़ेगा। किसानों का कहना है कि पूरी साल की मेहनत पर पानी फिर गया है। कुछ किसानों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे करवाकर मुआवजा दिलाने की मांग की है।
बारिश और ओलों के कारण कई जगह बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। तेज हवाओं से पेड़ और टहनियां टूटकर सड़कों पर गिर गईं, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित हुआ। हालांकि किसी बड़े हादसे की सूचना नहीं है।
क्या बोला मौसम विभाग
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से क्षेत्र में मौसम बदला है और अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। विभाग ने किसानों को सतर्क रहने और कटाई योग्य फसल को सुरक्षित रखने की सलाह दी है। अचानक बदले मौसम से जहां आमजन को गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों की चिंता बढ़ गई है।




साइन इन