ईरान-इजरायल युद्ध: खामेनेई की मौत से गमगीन शिया समुदाय, अजमेर में तीन दिन का शोक
ईरान की राजधानी तेहरान पर शनिवार तड़के हुए अमेरिका-इजरायल के संयुक्त हमले में खामेनेई को मौत के घाट उतारा गया है। बताया जा रहा है कि वे बंकर में छिपकर सर्वोच्च नेताओं और डिफेंस स्टाफ के साथ बैठक कर रहे थे।

ईरान पर अमेरिका-इजराइल के हमले में देश के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद व्यापक विरोध-प्रदर्शन देखने को मिल रहे हैं। देश के शिया बहुल इलाकों में भी खामेनेई की मौत के विरोध में आवाज उठाई जा रही है। इसी कड़ी में अब राजस्थान के अजमेर में भी शिया समुदाय ने रविवार को तीन दिन के शोक का एलान किया है।
शिया समुदाय के नेता सैयद आसिफ अली ने ये अपील की है।उन्होंने शिया समुदाय के सदस्यों से तीन दिन शोक मनाने और सामान्य उत्सवों से परहेज करने की अपील की। शोक व्यक्त करने के लिए विशेष सभाएं आयोजित की जा रही हैं। इस दौरान दुआएं पढ़ी जा रही हैं और शहादत पर गहरा दुख व्यक्त किया जा रहा है।
शोक सभाएं आयोजित की गईं
दोराई की दरगाह और अजमेर के तारागढ़ में भी शोक सभाएं आयोजित की गईं, जहां समुदाय के सदस्यों ने प्रार्थना की और घटना पर शोक व्यक्त किया। वहीं दुबई के पोर्ट एरिया में ईरान के जवाबी हमलों के बाद हवाई सेवाएं प्रभावित हैं जिसके चलते अजमेर के कई लोग वहां फंसे हुए हैं। खाड़ी देशों में फंसे कोटा और जोधपुर के भी काफी लोग फंसे हुए हैं। मिसाइल हमलों के बीच वतन वापसी की गुहार लगाई जा रही है।
देश के कई हिस्सों में प्रदर्शन
आपको बता दें कि कश्मीर के शिया बहुल अधिकतर हिस्सों में भी विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। खामेनेई की मौत के विरोध में हुए प्रदर्शनों के मद्देनजर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की है। वहीं उत्तर प्रदेश में खामेनेई की मौत के बाद अलग-अलग जिलों में हो रहे प्रदर्शन को देखते हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। लेह में भी शिया समुदाय के काफी लोग रहते हैं ऐसे में वहां भी विरोध हो रहा है।
नेताओं और डिफेंस स्टाफ के साथ बैठक
आपको बता दें कि ईरान की राजधानी तेहरान पर शनिवार तड़के हुए अमेरिका-इजरायल के संयुक्त हमले में खामेनेई को मौत के घाट उतारा गया है। बताया जा रहा है कि वे बंकर में छिपकर सर्वोच्च नेताओं और डिफेंस स्टाफ के साथ बैठक कर रहे थे। अमेरिकी खुफिया एंजेंसी सीआईए के इनपुट के आधार पर ही खामेनेई पर हमला किया गया।
ट्रंप की ईरान को खुली धमकी
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इस दौरान इजरायल की खुफिया एजेंसी मोसाद ने भी कई महत्वपूर्व इनपुट जुटाए। खामेनेई की मौत के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को खुली धमकी दी है कि वे हमलों को तुरंत रोक दें वर्ना ऐसा हमला किया जाएगा जो कि अबतक कभी नहीं किया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन