किराना दुकान की आड़ में चल रही थी नशे की फैक्ट्री, राजस्थान में 5 करोड़ का नशीला माल जब्त
प्रतापगढ़ शहर में पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत किराना दुकान और अनाज गोदाम की आड़ में चल रही एमडी ड्रग बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है।

राजस्थान के प्रतापगढ़ में 5 करोड़ रुपये का मादक पदार्थ और कच्चा माल जब्त किया गया है। नशे का ये कारोबार किराना की दुकान और अनाज गोदाम की आड़ में फल-फूल रहा था। प्रतापगढ़ शहर में पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत किराना दुकान और अनाज गोदाम की आड़ में चल रही एमडी ड्रग बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है।
5 करोड़ का नशीला पदार्थ जब्त
पुलिस सूत्रों के अनुसार- प्रतापगढ़ शहर में वाटरवर्क्स रोड स्थित नाकोड़ा किराना के पीछे कुछ संदिग्ध गतिविधियां चलने की सूचना मिली थी। जब पुलिस टीम ने गोदाम के अंदर बने गुप्त कमरे में दबिश दी, तो मौके से 106 ग्राम शुद्ध एमडी और इसे तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला 114.75 किलोग्राम तरल केमिकल बरामद किया। बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
इसके अलावा मौके से ड्रग्स बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले उपकरण जैसे- इलेक्ट्रॉनिक व इंडेक्स हीटर और ब्लोअर मशीन, कांच के प्रयोगशाला फ्लास्क और बड़े जार, इलेक्ट्रॉनिक कांटे और विशेष मिक्सिंग मशीनें और सुरक्षा के लिए इस्तेमाल होने वाले रबर ग्लव्स और बाल्टियां भी जब्त की गई।
आरोपी मौके से फरार, तलाश जारी
शुरूआती जांच में सामने आया है कि आरोपी धर्मचन्द मोगरा जैन और रोहित मोगरा जैन किराना व्यापार की आड़ में इस काले कारोबार को अंजाम दे रहे थे। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच अरनोद थानाधिकारी शिवलाल को सौंपी है।
खबर में इस्तेमाल की गई तस्वीर प्रतीकात्मक है।




साइन इन