पंजाब में सुसाइड करने वाले अफसर का अंतिम संस्कार, विपक्षी नेताओं ने दी अंतिम विदाई
पंजाब में मंत्री लालजीत भुल्लर की प्रताड़ना से तंग आकर सुसाइड करने वाले वेयरहाउस कॉरपोरेशन अधिकारी गगनदीप रंधावा का मंगलवार को अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान पंजाब के विपक्ष के कई नेता भी मौजूद थे।

पंजाब में मंत्री लालजीत भुल्लर की प्रताड़ना से तंग आकर सुसाइड करने वाले वेयरहाउस कॉरपोरेशन अधिकारी गगनदीप रंधावा का मंगलवार को अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान पंजाब के विपक्ष के कई नेता भी मौजूद थे। इससे पहले दिन में रंधावा का पोस्टमार्टम, अमृतसर के सरकारी मेडिकल कॉलेज में एक कार्यकारी मजिस्ट्रेट की देखरेख में डॉक्टरों के एक बोर्ड द्वारा किया गया। रंधावा के परिवार ने मंत्री भुल्लर की गिरफ्तारी तक उनका अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया था। विपक्षी नेताओं के विरोध के बीच भुल्लर को सोमवार को गिरफ्तार किया। उनके ऊपर रंधावा को आत्महत्या के लिए भड़काने और अन्य आरोपों में मामला दर्ज किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि रंधावा की परिवार की अनुमति के बाद मंगलवार को पोस्टमार्टम किया गया है।
क्या है मामला
बता दें कि रंधावा पंजाब स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन में डिस्ट्रिक्ट मैनेजर थे। बीते शनिवार को उन्होंने जहर खाकर जान दे दी। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इस वीडियो में रंधावा ने मंत्री भुल्लर पर प्रताड़ना का आरोप लगाया। बाद में मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर भुल्लर ने मंत्रीपद से इस्तीफा दे दिया। रंधावा की आत्महत्या ने पंजाब में सियासी तूफान खड़ा कर दिया। विपक्षी दल इसको लेकर जमकर विरोध कर रहे थे और भुल्लर की गिरफ्तारी की मांग उठाई जा रही थी। इसके अलावा मामले में सीबीआई जांच की भी मांग की जा रही थी।
अमृतसर में अंतिम विदाई
मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद रंधावा का अवशेष उनके अमृतसर स्थित निवास पर ले जाया गया। यहां पर लोगों ने उन्हें अंतिम विदाई दी। रंधावा की दोनों बेटियों और बेटे ने उन्हें मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के दौरान मौजूद रहे प्रमुख लोगों में पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़, नेता प्रतिपक्ष परताप सिंह बाजव और शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया भी मौजूद रहे। इससे पहले अमृतसर पुलिस ने शनिवार रात भुल्लर, उनके पिता सुखदेव सिंह भुल्लर, निजी सहायक दिलबाग सिंह के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज किया। मंडी गोविंदगढ़ से भुल्लर की गिरफ्तारी के बाद रंधावा का परिवार सीबीआई जांच की मांग कर रहा था।
सीबीआई जांच का क्या होगा
दिल्ली में, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने वादा किया कि अगर पंजाब के सभी सांसद इस मामले पर उन्हें लिखित अनुरोध देंगे, तो वह तुरंत रंधावा की आत्महत्या की सीबीआई जांच का आदेश देंगे। हालांकि, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को इस मांग को लगभग खारिज कर दिया। उन्होंने यह कहाकि राज्य पुलिस इस मामले की निष्पक्ष जांच करने में सक्षम है और किसी को संरक्षण नहीं दिया जाएगा। पुलिस में दर्ज शिकायत में, रंधावा की पत्नी, उपिंदर कौर, ने दावा किया कि उनके पति पर लगातार भुल्लर के पिता को गोदाम का ठेका देने के लिए दबाव डाला जा रहा था। उन्होंने यहां तक कहाकि उनके और उनके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी थी। एफआईआर के मुताबिक, रंधावा को 13 मार्च को पट्टी में भुल्लर के आवास पर बुलाया गया, जहां कथित रूप से उनका अपमान किया गया और उन्हें पीटा गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन