भारत-पाकिस्तान सीमा पर पंजाब पुलिस के 2 जवानों की हत्या, किसने मारी गोली?
चूंकि यह इलाका अंतरराष्ट्रीय सीमा के बेहद करीब है, इसलिए सुरक्षा एजेंसियां इसे गंभीरता से ले रही हैं। पुलिस फिलहाल इस मामले में आधिकारिक बयान देने से बच रही है और हर पहलू से जांच जारी है।

पंजाब के गुरदासपुर जिले में पाकिस्तान सीमा के पास एक सुरक्षा चौकी पर रविवार को दो पुलिस कर्मियों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। दोनों जवानों की मौत गोली लगने के कारण हुई है। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। अधिकारियों के अनुसार, यह घटना दोरांगला पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आने वाले अडियान गांव की है। मृतकों की पहचान सहायक उप-निरीक्षक (ASI) अशोक कुमार और हेड कांस्टेबल (HC) गुरनाम सिंह के रूप में हुई है। ये दोनों जवान भारत-पाक सीमा के पास स्थित एक चेकपोस्ट पर तैनात थे, जिसे सुरक्षा की दृष्टि से 'सेकेंड लाइन ऑफ डिफेंस' माना जाता है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, चेकपोस्ट के पास अचानक गोली चलने की आवाज सुनी गई। जब अन्य सुरक्षाकर्मी और पुलिस मौके पर पहुंचे तो दोनों जवान खून से लथपथ हालत में मिले। उन्हें तुरंत गुरदासपुर के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है।
इस मामले ने पुलिस विभाग को उलझा दिया है क्योंकि घटना के समय वहां कोई प्रत्यक्षदर्शी मौजूद नहीं था। पुलिस के सामने वर्तमान में दो प्रमुख सवाल हैं। क्या दोनों जवानों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ और उन्होंने एक-दूसरे पर गोलियां चला दीं? या फिर इस घटना में किसी तीसरे व्यक्ति या बाहरी तत्व का हाथ है?
घटना की सूचना मिलते ही गुरदासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) आदित्य दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की कमान संभाली। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम ने मौके से हथियारों के नमूने, कारतूसों के खोखे और अन्य साक्ष्य एकत्र किए हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि गोलियां किस हथियार से और किस दिशा से चलाई गईं।
चूंकि यह इलाका अंतरराष्ट्रीय सीमा के बेहद करीब है, इसलिए सुरक्षा एजेंसियां इसे गंभीरता से ले रही हैं। पुलिस फिलहाल इस मामले में आधिकारिक बयान देने से बच रही है और हर पहलू से जांच जारी है। इस घटना के बाद सीमावर्ती इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है और अन्य चौकियों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन