घर में घुसे मानसिक रोगी को चोर समझकर बुरी तरह पीटा… अस्पताल के बाहर फेंकी लाश
आरोपी ने युवक की हालत गंभीर होने पर उसे नोएडा में चाइल्ड पीजीआई के सामने फेंक दिया था, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।घटना 27 अप्रैल की है। पुलिस ने युवक का पोस्टमार्टम करवाया, तो हत्या की पुष्टि हुई।

गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में एक मानसिक रोगी युवक को चोर समझकर पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है। आरोपी ने युवक की हालत गंभीर होने पर उसे नोएडा में चाइल्ड पीजीआई के सामने फेंक दिया था, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।घटना 27 अप्रैल की है। पुलिस ने युवक का पोस्टमार्टम करवाया, तो हत्या की पुष्टि हुई। इसके बाद नोएडा पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले। कैमरों के आधार पर हत्या की वारदात खोड़ा की पाई गई। नोएडा पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज करके मामला खोड़ा पुलिस को सौंप दिया। खोड़ा पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
अंकित ने दबोचकर बुरी तरह पीटा
सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि नोएडा सेक्टर-20 थाना पुलिस ने युवक की हत्या की जीरो एफआईआर खोड़ा थाने को स्थानांतरित की थी। मुकदमा दर्ज कर खोड़ा के सरस्वती विहार में रहने वाले अंकित यादव को हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया है। अंकित यादव ने पुलिस को बताया कि 27 अप्रैल की सुबह एक युवक उनके घर में चोरी के इरादे से घुसने का प्रयास कर रहा था। अंकित ने युवक को दबोच लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी।
अस्पताल के बाहर लाश फेंककर हुआ फरार
पिटाई से युवक की हालत खराब हो गई, जिससे अंकित डर गया। इसके बाद उसने युवक को अपनी कार में डाला और नोएडा में चाइल्ड पीजीआई के सामने फेंक कर भाग आया। सहायक पुलिस आयुक्त ने बताया कि युवक को नोएडा पुलिस अस्पताल ले गई, जहां उसकी मौत की पुष्टि हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की मौत का कारण पिटाई आया। युवक को अंदरूनी और बाहरी गहरी चोटें आई थीं। इस पर पुलिस ने चाइल्ड पीजीआई के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की।
सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपी की पहचान
फुटेज में एक कार से युवक को फेंकने की बात सामने आई। जिसके बाद पुलिस ने अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज खंगालते हुए नोएडा पुलिस खोड़ा के सरस्वती विहार तक पहुंची। सहायक पुलिस आयुक्त ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करके अदालत के आदेश पर जेल भेज दिया गया है। मरने वाले युवक की पहचान हो गई है। उसके परिजनों से संपर्क किया गया है। युवक मानसिक रोगी था और अंकित के घर के बाहर था। अंकित ने उसे चोर समझकर मारपीट की। युवक के परिजनों के आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन