Why Saurabh Bharadwaj Slams BJP Government On Mothers day किस बात का मदर्स डे मना रहे…; रेखा गुप्ता सरकार पर क्यों भड़क उठे सौरभ भारद्वाज, Ncr Hindi News - Hindustan
More

किस बात का मदर्स डे मना रहे…; रेखा गुप्ता सरकार पर क्यों भड़क उठे सौरभ भारद्वाज

आम आदमी पार्टी दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने 3 साल की बच्ची के साथ रेप के मामले में बीजेपी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने इस मामले में सीएम रेखा गुप्ता की चुप्पी पर सवाल उठाए हैं।

Sun, 10 May 2026 05:55 PMAditi Sharma लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
किस बात का मदर्स डे मना रहे…; रेखा गुप्ता सरकार पर क्यों भड़क उठे सौरभ भारद्वाज

आम आदमी पार्टी दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने 3 साल की बच्ची के साथ रेप के मामले में बीजेपी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने इस मामले में सीएम रेखा गुप्ता की चुप्पी पर सवाल उठाए हैं। दरअसल पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में एक प्राइवेट स्कूल के भीतर 57 साल के कर्मचारी द्वारा तीन साल की बच्ची से कथित तौर पर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। घटना एक मई को तब सामने आई जब पीड़िता की मां ने जनकपुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि स्कूल के ही एक कर्मचारी ने उनकी बेटी का यौन उत्पीड़न किया।

शिकायत के अनुसार, बच्ची अपने दाखिले के दूसरे दिन 30 अप्रैल को स्कूल गई थी। घर लौटने के बाद उसने दर्द की शिकायत की। मां द्वारा पूछे जाने पर बच्ची ने कथित तौर पर बताया कि उसे स्कूल के एक अलग हिस्से में ले जाया गया जहां एक व्यक्ति ने उसके साथ यह दुष्कर्म किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने बताया कि बच्ची द्वारा आरोपी की पहचान किए जाने के बाद 57 साल के स्कूल केयरटेकर को एक मई को गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में उसे अदालत में पेश किया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

सौरभ भारद्वाज ने क्या कहा?

इस बीच सौरभ भारद्वाज ने तीन साल की बच्ची से रेप के आरोपी को जमानत दिए जाने की कड़ी आलोचना की। उन्होंने एक बयान में कहा, कल्पना कीजिए कि एक बच्ची का निजी स्कूल की नर्सरी में दाखिला कराया जाता है और वह पहले ही दिन घर लौटती है, तो माता-पिता को पता चलता है कि 57 वर्षीय केयरटेकर ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया है।

भारद्वाज ने आरोप लगाया कि डीसीपी (पश्चिम) ने परिवार के सदस्यों का सहयोग करने के बजाय उन्हें धमकाया। उन्होंने दावा किया कि ये घटना जिस स्कूल में हुई वह शिक्षा मंत्री आशीष सूद के घर से दो मिनट की दूरी पर है। सीएम रेखा गुप्ता और आशीष सूद इस मामले में चुप क्यों बैठे हैं। उन्होंने मामले को दबाने का आरोप लगाते हुए कहा, पांच दिन के अंदर बेल भी मिल गई। उन्होंने कहा, रेखा गुप्ता किस बात का मदर्स डे मना रही है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:जेल में जान का खतरा, CM रेखा गुप्ता पर हमले के आरोपियों का दावा

पुलिस के अनुसार, अभियोजन पक्ष के कड़े विरोध के बावजूद सात मई को द्वारका की एक अदालत ने आरोपी को जमानत दे दी। पुलिस ने कहा कि वे स्कूल परिसर के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं।इस बीच, पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि पुलिस को मामले की सूचना दिए जाने के तुरंत बाद उचित कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में स्कूल का एक शिक्षक भी शामिल था और उससे पूछताछ भी की गई।

उन्होंने पुलिस जांच पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पूछताछ के दौरान बच्ची और परिवार को कई घंटों तक थाने में इंतजार कराया गया। डीसीपी ने एक बयान में कहा कि बच्ची की मां की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की गई और बच्ची की चिकित्सकीय जांच कराई गई।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:BJP का ISI से चोली दामन का साथ? मिशन पंजाब को संजय सिंह ने बताया- ब्लास्ट कराना

बयान में कहा गया, जांच के दौरान, पीड़िता द्वारा शिनाख्त किए जाने के बाद उसी दिन आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया था। अदालत के समक्ष पीड़िता का बयान भी दर्ज किया गया और साथ ही कानून के अनुसार संबंधित सीसीटीवी/डीवीआर फुटेज और अन्य सबूत भी जब्त किए गए। पुलिस के अनुसार, जांच वैज्ञानिक साक्ष्यों, फॉरेंसिक जांच, गवाहों के बयानों और मामले के तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष, पेशेवर और तटस्थ तरीके से की गई है। बयान में कहा गया कि पुलिस अधिकारियों द्वारा उत्पीड़न या डराने-धमकाने का आरोप लगाने वाली कुछ मीडिया रिपोर्टें झूठी, निराधार हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दिल्ली में 2 लाख का इनामी बदमाश गिरफ्तार, विदेशी पिस्टल और 5 कारतूस बरामद

पूछताछ की कार्यवाही के दौरान शिकायतकर्ता और पीड़िता को उचित माहौल दिया गया और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उन्हें केवल कानूनी पूछताछ और परामर्श के लिए बुलाया गया था। बयान में कहा गया, डीसीपी (पश्चिम) पीड़ित के माता-पिता से कभी नहीं मिले। अभियोजन पक्ष ने अदालत के समक्ष आरोपी की जमानत अर्जी का कड़ा विरोध किया था। हालांकि, अदालत ने आरोपी को जमानत दे दी। अदालत द्वारा पारित विस्तृत आदेश का अध्ययन किया जा रहा है और कानून के अनुसार आगे के कानूनी कदमों पर विचार किया जा रहा है।

भाषा से इनपुट

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।