पिंक कार्ड की क्या जरूरत? भाजपा गरीब पूर्वांचली महिलाओं का हक छीन रही- आप ने पूछे 5 सवाल
पिंक सहेली कार्ड योजना पर आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रेसिडेंट सौरभ भारद्वाज ने सवाल किए हैं। उन्होंने इस पहल को मजाक बताते हुए पांच सवाल उठाए हैं। आप का आरोप है कि इससे भाजपा गरीब पूर्वांचली महिलाओं का हक छीन रही है।

दिल्ली की रेखा सरकार ने महिलाओं और ट्रांसजेंडरों के मुफ्त बस यात्रा के लिए 'पिंक सहेली कार्ड' योजना को लॉन्च किया है। इस पर आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रेसिडेंट सौरभ भारद्वाज ने सवाल किए हैं। उन्होंने इस पहल को मजाक बताते हुए पांच सवाल उठाए हैं। आप का आरोप है कि इससे भाजपा गरीब पूर्वांचली महिलाओं का हक छीन रही है।
पिंक कार्ड, नफरत और पैसे की बर्बादी वाले सवाल
आम आदमी पार्टी ने एक्स अकाउंट पर वीडियो शेयर करते हुए सौरभ भारद्वाज ने पहला सवाल किया- जब हर महिला DTC बस में मुफ्त सफर कर रही थी तो पिंक कार्ड की क्या ज़रूरत थी? इसके बाद गंभीर आरोप लगाते हुए दूसरा सवाल किया- क्या UP, बिहार, हरियाणा की ग़रीब महिलाओं से सरकार की नफ़रत सामने आ गई? तीसरा सवाल- पिंक कार्ड बनाने के लिए सरकारी पैसा क्यों बर्बाद किया जा रहा है?
भाजपा गरीब पूर्वांचली महिलाओं का हक छीन रही
चौथा सवाल- पिंक कार्ड कौन महिला बनवा पाएगी कौन नहीं, इसके बारे में भी सरकार ने नहीं बताया है। फिर ये पिंक कार्ड बनवाने के लिए दिल्ली का आधार कार्ड मांगेगे। ऐसी लाखों महिलाएं हैं, जो बिहार से हैं, यूपी से हैं, हरियाणा से हैं, जो दिल्ली में तो रहती हैं, लेकिन उनके पास आधार कार्ड आज भी दिल्ली का नहीं है। आप उन गरीब पूर्वांचली महिलाओं का हक छीनकर इससे बेदखल करने की सोच रहे हैं।
आप ने लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
पांचवा सवाल- आपने कहा कि इसमें भ्रष्टाचार हो रहा था, लेकिन आपने अभी तक इसको नहीं बताया है कि ये भ्रष्टाचार कहां हो रहा था। आप का आरोप है कि भाजपा ने भ्रष्टाचार के नए तरीके पैदा कर दिए हैं। जिसको पिंक कार्ड नहीं मिलेगा, उसे खरीदना होगा। पिंक कार्ड लेने के लिए दलालों की मदद लेनी होगी। सौरभ भारद्वाज ने फिर आरोप लगाया कि भाजपा जानबूझकर सिर्फ गरीब पूर्वांचलियों के हक को मारने के लिए ऐसे षडयंत्र रचते हैं।




साइन इन