RSS के साथ मजबूत संबंध और संगठन का लंबा अनुभव, कौन हैं दिल्ली भाजपा के नए अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा
हर्ष मल्होत्रा ने विज्ञान और कानून के विषय में स्नातक की डिग्री ली है और वे सामाजिक कार्यों में भी पूरी तरह से सक्रिय रहते हैं। पिछले करीब 30 सालों से वो 'दधीचि देह दान समिति' नाम के NGO से जुड़े हुए हैं, जो दिल्ली-NCR क्षेत्र में अंग और देह दान को बढ़ावा देता है।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने गुरुवार को केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा को तत्काल प्रभाव से पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष पद पर नियुक्त कर दिया, उन्होंने वीरेंद्र सचदेवा की जगह ली। पंजाबी समुदाय से ताल्लुक रखने वाले मल्होत्रा ने दोपहर 2.30 बजे दिल्ली BJP कार्यालय में आधिकारिक तौर पर अपना कार्यभार भी संभाला। हर्ष मल्होत्रा वर्तमान में पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से सांसद हैं और केंद्र सरकार में सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के साथ ही कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय में केंद्रीय राज्य मंत्री हैं। 62 वर्षीय मल्होत्रा वर्तमान में मोदी कैबिनेट में दिल्ली से एकमात्र केंद्रीय मंत्री हैं। केंद्र में मंत्री बनने से पहले उन्होंने दिल्ली भाजपा के महासचिव के रूप में कार्य किया था।
पार्टी नेताओं ने बताया कि दिल्ली के रोहतास नगर के रहने वाले हर्ष मल्होत्रा एक अनुभवी सांगठनिक नेता हैं, जिनके RSS के साथ मजबूत संबंध हैं। जानकारों का कहना है कि सांगठनिक मामलों के अलावा मल्होत्रा को नगरीय निकायों के कामकाज का विशेषज्ञ भी माना जाता है।
विज्ञान और कानून के विषय में ली है डिग्री
हर्ष मल्होत्रा ने दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज से विज्ञान विषय में ग्रेजुएशन किया है और 1987 में उसी विश्वविद्यालय से LLB की डिग्री भी ली। उनके राजनीतिक जीवन की बात करें तो वह पहले भारतीय जनता युवा मोर्चा में शामिल हुए और इस दौरान उन्होंने वहां युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष और जिला युवा मोर्चा सचिव के तौर पर काम किया। इसके बाद साल 2005 में उन्हें भाजपा ने जिला महासचिव (संगठन) के पद पर नियुक्त किया। फिर साल 2007 में वह पार्टी के जिला अध्यक्ष बने।
2012 में पहली बार लड़ा पार्षद का चुनाव
इसके बाद साल 2012 में उन्होंने पहली बार वेलकम वार्ड से तत्कालीन पूर्वी दिल्ली नगर निगम से पार्षद का चुनाव लड़ा था और पार्षद बने थे। इसके बाद उन्हें नगर निकाय की शिक्षा समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। बाद में साल 2015 में उन्हें तत्कालीन पूर्वी दिल्ली नगर निगम (EDMC) का मेयर चुना गया।
NGO से जुड़कर अंगदान और देहदान को दिया बढ़ावा
हर्ष मल्होत्रा ने सामाजिक कार्यों में भी पूरी तरह से सक्रिय रहे हैं। वह लगभग तीन दशकों से गैर-लाभकारी संगठन 'दधीचि देह दान समिति' से जुड़े हुए हैं, जो दिल्ली-NCR क्षेत्र में अंग और देह दान को बढ़ावा देता है।
साल 2024 के चुनावी हलफनामे में दी गई जानकारी के अनुसार हर्ष मल्होत्रा एक प्रिंटिंग प्रेस चलाते हैं और वह उसके डायरेक्टर हैं, जबकि उनकी पत्नी बबीता मल्होत्रा उनकी कंपनी में बुक एडिटर एवं प्रूफ रीडर का काम संभालती हैं।
AIFMP के संयुक्त सचिव भी रहे
24 अप्रैल, 1964 को दिल्ली में जन्मे हर्ष मल्होत्रा के पिता का नाम वीके मल्होत्रा है, और वे उनके तीन बेटों में सबसे बड़े हैं। उनके अन्य दोनों भाई पेशे से शिक्षक हैं। साल 1986 में प्रिंटिंग के व्यवसाय में कदम रखने के बाद उन्होंने लंबे समय तक AIFMP (ऑल इंडिया फेडरेशन ऑफ मास्टर प्रिंटर्स) के संयुक्त सचिव के रूप में भी अपनी सेवाएं दी हैं।




साइन इन