AAP कार्यकर्ताओं के वेरिफिकेशन का दावा, नाराज केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर शेयर किया नंबर
केजरीवाल ने खुद भी आईबी ऑफिस जाने की बात कहते हुए लिखा, 'अगली बार जब मैं गुजरात जाऊंगा तो स्वयं IB ऑफिस में जाकर उनसे पूछूंगा। गुजरात के किसी भी कार्यकर्ता को अगली बार IB से फोन आए तो उसे सोशल मीडिया पर डाल दे ताकि जनता भी उनसे पूछ सके।'

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुजरात पुलिस पर AAP कार्यकर्ताओं को परेशान करने का आरोप लगाया है। उन्होंने अपनी पार्टी के एक पदाधिकारी की पोस्ट को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए यह आरोप लगाया। इस पोस्ट में उस पदाधिकारी ने एक मोबाइल नंबर (9512892492) शेयर करते हुए बताया था कि किस तरह इस नंबर से लगातार फोन करके उनकी पार्टी के एक कार्यकर्ता को IB ऑफिस आकर वेरिफिकेशन कराने के लिए कहा जा रहा है। इसी पोस्ट को केजरीवाल ने शेयर किया और इसे बेहद संगीन मामला बताते हुए पूछा कि क्या सच में ये आईबी का नंबर है और अगर है तो कौन से कानून के अंतर्गत हमारे कार्यकर्ता से वेरिफिकेशन कराने की बात कही जा रही है।
अपनी पोस्ट में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने लिखा, 'ये बहुत संगीन मामला है। मैंने इस नंबर पर फोन किया। पूछा - 'क्या आप IB से बोल रहे हैं?' तो सामने वाले ने कहा - 'हाँ'। फिर मैंने बताया कि 'मैं अरविंद केजरीवाल बोल रहा हूँ। आप किस कानून में वेरिफिकेशन कर रहे हो?' तो उसने फोन काट दिया। उसके बाद से फोन नहीं उठा रहे।'
IB से पूछा- क्या ये नंबर आपका ही है?
आगे अन्य सभी लोगों से उस नंबर पर फोन करने की अपील करते हुए केजरीवाल ने पूछा, 'IB ये बताए कि क्या ये उनका नंबर है? IB की तरफ से हमारे कार्यकर्ताओं को ऐसे बहुत फोन आते हैं। आप सब लोग भी इस नंबर (9512892492) पर फोन करके पूछो कि किस कानून में एक राज्य से दूसरे राज्य में काम पर जाने वाले नागरिक को IB के पास वेरिफिकेशन करवाना होता है?'
कार्यकर्ताओं से नंबर सोशल मीडिया पर डालने को कहा
आगे उन्होंने खुद भी आईबी ऑफिस जाने की बात कहते हुए लिखा, 'अगली बार जब मैं गुजरात जाऊंगा तो स्वयं IB ऑफिस में जाकर उनसे पूछूंगा। गुजरात के किसी भी कार्यकर्ता को अगली बार IB से फोन आए तो उसे सोशल मीडिया पर डाल दे ताकि जनता भी उनसे पूछ सके।'
'अन्य राज्य में जाने के लिए किस कानून में रजिस्ट्रेशन कराना पड़ता है'
केजरीवाल ने अपनी पार्टी के जिस पदाधिकारी की पोस्ट को शेयर किया, उसे आम आदमी पार्टी के राजनीतिक मामलों की समिति के सदस्य और दिल्ली के पूर्व विधायक दुर्गेश पाठक ने शेयर किया था। उस पोस्ट में उन्होंने लिखा था, 'अभी थोड़ी देर पहले गुजरात में काम कर रहे हमारे एक कार्यकर्ता को 9512892492 नंबर से लगातार कॉल आ रहा है। उधर से कह रहे हैं कि वो IB से बोल रहे हैं। आकर verification करवाओ। क्या ये सही में IB का नंबर है? अगर हाँ तो आईबी बताए कि यदि कोई व्यक्ति इस देश के एक राज्य से दूसरे राज्य में काम करने जाता है तो किस क़ानून के तहत IB में रजिस्ट्रेशन करवाना पड़ता है?'
'क्या भाजपा के नेता पंजाब में वेरिफिकेशन करवा के जाएंगे'
उधर अरविंद केजरीवाल के इस मुद्दे को उठाने के बाद उनकी पोस्ट को गुजरात के AAP विधायक गोपाल इटालिया ने भी शेयर किया और अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा, 'देश की सभी राजनीतिक पार्टी के कार्यकर्ता अपनी पार्टी का काम करने के लिए अलग अलग राज्यो में जाते है। जैसे की भाजपा के रत्नाकर दूसरे राज्य से गुजरात में हमेशा आते है मीटिंग भी करते है। फिर गुजरात में वेरिफिकेशन के नाम पर इतनी तानाशाही क्यो की जा रही है? क्या पंजाब में भाजपा के जितने नेता जाएंगे वो वेरिफिकेशन करवा के जाएंगे?'
'गुजरात में सारे काम छोड़कर आईबी AAP के पीछे लगी'
इसके अलावा गुजरात की डेडियापाडा सीट से AAP विधायक चेतर वासवा ने भी केजरीवाल की पोस्ट को शेयर किया और लिखा, 'इंटेलीजेंस ब्यूरो का काम देश की सुरक्षा, सीक्रेट इन्वेस्टिगेशन और खुफिया रिपोर्ट तैयार करना है। लेकिन गुजरात में IB सारे काम छोड़कर आम आदमी पार्टी के पीछे लगी है। संगठन की बैठकें, कार्यकर्ताओं का डेटा और उम्मीदवारों की लिस्ट निकालना, क्या ये देश की सुरक्षा से बड़ा काम है? क्या जनता के टैक्स के पैसे से चलने वाली एजेंसी का यही काम रह गया है?'




साइन इन