दिल्ली में कब पहुंचेगा मॉनसून? IMD ने बताई डेट; जानें एक चिंता और राहतभरी खबर
When will monsoon arrive in Delhi: दिल्ली भीषण गर्मी की चपेट में है। क्या आप भी दक्षिण पश्चिम मॉनसून के आने का इंतजार कर रहे हैं। अगर हां, तो जानिए IMD ने मॉनसून के आपके शहर में आने की क्या संभावित तारीख बताई है। इसके साथ ही जानिए हाल के दिनों के लिए मौसम विभाग ने क्या चिंता और राहत की बात बताई है।

When will monsoon arrive in Delhi: दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी अपना कहर बरपा रही है। क्या आप भी मानसून के दिल्ली पहुंचने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं? अगर हां, तो ये खबर आपके लिए है। क्योंकि, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दक्षिण-पश्चिम मानसून के दिल्ली पहुंचने को लेकर ताजा अपडेट जारी किया है। आपको बता दें कि दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 4 जून को केरल में दस्तक दे दी है। अब वह अपने तय रास्ते के मुताबिक धीरे-धीरे उत्तर भारत की तरफ बढ़ने लगा है। जानिए आपके दिल्ली तक पहुंचने में लगभग कितना समय बाकी है। इसके साथ ही जानिए एक चिंता और राहतभरी खबर।
3 दिन देर से पहुंचा मानसून दिल्ली कब पहुंचेगा?
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून के 25 से 30 जून के बीच दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में पहुंचने की संभावना है। इसी दौरान नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद समेत आसपास के इलाकों में भी मानसूनी बारिश शुरू हो सकती है। अभी आपको ऊपर बताया भी कि दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 4 जून को केरल में दस्तक दी थी। आमतौर पर यह 1 जून तक केरल पहुंच जाता है, लेकिन इस बार इसकी एंट्री तीन दिन की देरी से हुई। दिल्ली पहुंचने के बाद मानसून उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ेगा और हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख तथा जम्मू-कश्मीर के क्षेत्रों को भी कवर करेगा।
एक चिंता और राहतभरी खबर क्या है
चिंता की बात यह है कि अगले सप्ताह की बात करें तो 9 और 10 जून को दिल्ली-एनसीआर में सप्ताह के सबसे गर्म दिन रहने की आशंका है। इस दौरान अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि एक राहत भरी खबर भी है। 11 जून से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। यानी बारिश, बिजली और तापमान में गिरावट से मिल सकती है राहत।
- “मौसम विभाग के अनुसार, 11 जून से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने वाला एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके असर से दिल्ली और एनसीआर में हल्की बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं देखने को मिल सकती हैं। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा और झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।”
12, 13 और 14 जून के मौसम का अनुमान
IMD का अनुमान है कि 12 जून से तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। 12 और 13 जून को अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। हालांकि 14 जून तक तापमान फिर से 37 से 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह गतिविधियां प्री-मानसून प्रकृति की हैं और इन्हें मानसून के आगमन के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।
जानिए दिल्ली एनसीआर में मौसम के क्या हाल हैं
फिलहाल दिल्ली-एनसीआर के लोगों को गर्मी से राहत मिलने के लिए थोड़ा और इंतजार करना होगा। रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज होने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। मौसम विभाग ने शाम के समय आंशिक रूप से बादल छाए रहने और दोपहर या शाम में गरज-चमक के साथ हल्के तूफान की संभावना जताई है।
इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सतही हवाएं चल सकती हैं। वहीं हवा के झोंकों की गति 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। आर्द्रता का स्तर 31 से 60 प्रतिशत के बीच रहने का अनुमान है। गुरुग्राम, नोएडा और गाजियाबाद में भी मौसम की स्थिति लगभग इसी तरह रहने वाली है। हालांकि, इन क्षेत्रों में फिलहाल किसी महत्वपूर्ण बारिश की संभावना नहीं है।




साइन इन