पहाड़ों पर ऐक्टिव होगा पश्चिमी विक्षोभ, चलेगी सर्द हवा पर दिल्ली में बढ़ेगा तापमान
Delhi Weather: मौसम विभाग ने 8 फरवरी से नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने का अनुमान जताया है। दिल्ली-एनसीआर में 12 फरवरी तक कैसा रहेगा मौसम का मिजाजा? जानने के लिए पढ़ें मौसम विभाग का यह ताजा अपडेट…

मौसम विभाग की मानें तो एक नया पश्चिमी विक्षोभ 8 फरवरी की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा। यही नहीं एक मौजूदा सिस्टम के ऐक्टिव होने से जम्मू-कश्मीर में 6 फरवरी को कुछ स्थानों पर बारिश या बर्फबारी संभव है। इससे उत्तर पश्चिमी भारत के मौसम में भी बदलाव आएगा। उत्तर पश्चिमी भारत में अगले 2 से 3 दिनों के दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से तेज सर्द हवाएं चलने की संभावना है। दिल्ली के मौसम पर भी असर देखा जाएगा।
तेज सर्द हवाएं चलने की संभावना
मौसम विभाग ने 7 फरवरी को दिल्ली के साथ ही एनसीआर में दिन के वक्त तेज सर्द हवाएं चलने की संभावना जताई है। दिल्ली में हवा की स्पीड 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है। इस दिन सुबह के समय विभिन्न जगहों पर हल्की धुंध भी देखी जा सकती है।
पहाड़ों पर दस्तक देगा पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विभाग ने 8 फरवरी की रात से एक पश्चिमी विक्षोभ के पहाड़ों पर ऐक्टिव होने की संभावना जताई है। इसके प्रभाव से दिल्ली के साथ ही एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में 12 फरवरी तक आंशिक रूप से बादलों की आवाजाही का अनुमान है।
दिखेगा हल्का कोहरा, बढ़ेगा तापमान
यही नहीं पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली में 10 फरवरी से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी देखी जा सकती है। यही नहीं 11 फरवरी से दिल्ली में न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो 9 से लेकर 12 फरवरी तक सुबह के वक्त अधिकांश जगहों पर हल्का कोहरा जबकि कुछ जगहों पर मध्यम कोहरा भी नजर आ सकता है।
इन डेट पर भी तेज हवाएं
मौसम विभाग ने 8, 9 और 12 फरवरी को दिल्ली में 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से तेज सर्द हवाएं चलने की संभावना जताई है। 10 और 11 फरवरी को हवा की स्पीड थोड़ी सुस्त रहेगी। इससे पलूशन में भी बढ़ोतरी देखी जा सकती है।
कितना रहेगा तापमान?
मौसम विभाग ने 7, 8 और 10 फरवरी को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है। 11 और 12 फरवरी को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है।

पहाड़ों पर होगी बर्फबारी
जम्मू-कश्मीर में 6 फरवरी को कुछ स्थानों पर बारिश या बर्फबारी संभावना है। इसके बाद 9 से 11 फरवरी के दौरान जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में बारिश या बर्फबारी वाला मौसम देखा जा सकता है। कुछ जगहों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं भी चलने की संभावना है। दिल्ली के सफदरजंग में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 0.6 डिग्री ज्यादा है।




साइन इन