गाजियाबाद में ये 4 चौराहे होंगे सिग्नल फ्री, एलिवेटेड रोड पर दिल्ली-वसुंधरा के लिए बनेंगे नए स्लिप रोड
गाजियाबाद में यातायात व्यवस्था को बेहतर करने के लिए तीन महीने में चार चौराहे सिग्नल फ्री किए जाएंगे। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने इस पर काम करना शुरू कर दिया है। साथ ही एलिवेटेड रोड पर दिल्ली और वसुंधरा के लिए नए स्लिप रोड बनेंगे।
गाजियाबाद में यातायात व्यवस्था को बेहतर करने के लिए तीन महीने में चार चौराहे सिग्नल फ्री किए जाएंगे। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने इस पर काम करना शुरू कर दिया है। साथ ही एलिवेटेड रोड पर दिल्ली और वसुंधरा के लिए नए स्लिप रोड बनेंगे। हापुड़ चुंगी पर फ्लाईओवर समेत राजनगर एक्सटेंशन में नई सड़कें बनने से जाम से मुक्ति मिलेगी।
मधुबन बापूधाम के बुनकर मार्ट में जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने पत्रकारों को बताया कि शहर का नियोजित विकास होगा। आधुनिक अवसंरचना, पर्यावरण संरक्षण, खेल सुविधाओं के विस्तार के साथ ही निवेश को बढ़ावा देने के लिए कई परियोजना चल रही है या भविष्य में लाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि पहली प्राथमिकता शहर में जाम की समस्या को दूर करने की है। इसके लिए चार चौराहों को अगले तीन माह में सिग्नल फ्री किया जाएगा। इनमें सेठ मुकंदलाल चौराहा, डायमंड कट, हापुड़ चुंगी और सिद्धार्थ विहार डीपीएस चौराहा शामिल हैं। इन पर लगातार काम किया जा रहा है।
नए स्लिप रोड से सिद्धार्थ विहार में रहने वाले लाखों लोग को राहत
एलिवेटेड रोड पर दिल्ली और वसुंधरा के लिए नए स्लिप रोड बनेंगे। इनके बनने के बाद सिद्धार्थ विहार में रहने वाले लाखों लोग दिल्ली और मेरठ जाने के लिए राजनगर एक्सटेंशन एलिवेटेड रोड से आना-जाना कर सकेंगे। इस प्रोजेक्ट को लेकर मंगलवार को शासन स्तर पर जीडीए प्रजेंटेशन देगा। इस प्रजेंटेशन के बाद ही शासन स्तर से प्रोजेक्ट के लिए 100 करोड़ रुपये का फंड मिलेगा। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण वीसी ने कहा कि इसके निर्माण से एनएच नौ पर भी ट्रैफिक का दबाव कम होगा।
गोल चक्कर का पुनर्विकास होगा
शहर के चौराहों को सिग्नल फ्री करने के साथ ही प्रमुख गोल चक्करों का ग्रीनलैंड थीम पर सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। इससे शहर की सुंदरता और ट्रैफिक प्रबंधन दोनों में सुधार होगा। प्रथम चरण में पांच गोल चक्करों का पुनर्विकास किया जाएगा। मधुबन बापूधाम योजना में स्थित राउण्ड अबाउट ,राजनगर स्थित रिवर हाईटस चौराहा,अजनारा चौराहा, आरडीसी स्थित हिंट चौराहा और होली चाईल्ड चौराहा शामिल है।
हरियाली को लेकर थीम पार्क बनेंगे
गाजियाबाद में लगातार बढ़ रहे प्रदूषण को देखते हुए पर्यावरण व थीम पार्क पर फोकस किया गया है। ताकि लोगों को ताजी हवा मिल सके। इसके लिए कोयल एन्क्लेव में रामायण पार्क, इंदिरापुरम में संस्कृति दर्शन पार्क, राजेंद्रनगर में डा राम मनोहर लोहिया पार्क और मधुबन बापूधाम में विकसित भारत पार्क बन रहे है। साथ ही सिटी फॉरेस्ट को 55 करोड़ रुपये खर्च कर दोबारा सजाया जा रहा है, जहाँ लोग डायनासोर पार्क, फिशिंग, हॉर्स राइडिंग और जंगल स्टे का आनंद ले सकेंगे।
अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम तैयार होगा
जीडीए वीसी ने बताया कि राजनगर एक्सेटंशन में 450 करोड़ रुपये की लागत से 55 हजार दर्शकों की क्षमता वाला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनने जा रहा है। साथ ही एयरोसिटी नाम से टाउनशिप बसेगी। इसमें उच्च स्तरीय आवासीय परिसर, वाणिज्यिक कॉम्प्लेक्स, होटल एवं हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र, रिटेल एवं शॉपिंग ज़ोन, खेल अकादमी, संस्थागत क्षेत्र, मल्टीलेवल पार्किंग, स्मार्ट ट्रैफिक प्रबंधन होगा। इसके अलावा इसी क्षेत्र में हरनंदीपुरम के रूप में सुनियोजित टाउनशिप बसाई जाएगी।




साइन इन