गाजियाबाद में 2 मजदूरों की मलबे में दबने से मौत, स्कूल की नींव खोदते समय हुआ हादसा
साथ काम कर रहे मजदूरों और स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू कर तीनों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां दो मजदूरों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। तीसरे मजदूर का उपचार चल रहा है।

गाजियाबाद के वेव सिटी थानाक्षेत्र की सनसिटी कॉलोनी में मंगलवार दोपहर स्कूल की नींव की खुदाई करते समय अचानक मिट्टी धंसने से तीन मजदूर मलबे में दब गए। साथ काम कर रहे मजदूरों और स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू कर तीनों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां दो मजदूरों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। तीसरे मजदूर का उपचार चल रहा है।
अचानक भरभराकर गिरा मलवा
हादसा मंगलवार दोपहर करीब एक बजे उस समय हुआ, जब सनसिटी कॉलोनी में निर्माणाधीन निजी स्कूल की नींव की खुदाई की जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मजदूर गहरी खुदाई में लगे हुए थे। इसी दौरान अचानक मिट्टी का बड़ा हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया और वहां काम कर रहे तीन मजदूर उसके नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
अस्पताल में 2 की मौत, तीसरे का इलाज जारी
साथी मजदूर तुरंत बचाव कार्य में जुट गए और स्थानीय लोगों की मदद से मिट्टी हटाकर तीनों को बाहर निकाला गया। घायलों को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने 25 वर्षीय सूरज पुत्र कुनीराम और 55 वर्षीय रामजी शाह पुत्र तिरमशाह को मृत घोषित कर दिया। वहीं तीसरे मजदूर ओमप्रकाश की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका उपचार जारी है।
छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे मजदूर
बताया गया है कि तीनों मजदूर मूलरूप से छत्तीसगढ़ के निवासी थे और निर्माण कार्य में मजदूरी करने के लिए यहां आए हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही वेव सिटी पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि स्कूल निर्माण की नींव की खुदाई के दौरान मिट्टी धंसने से हादसा हुआ है। अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन