गुरुग्राम में लिव-इन पार्टनर ने त्रिपुरा की युवती को बेरहमी से पीटा, हालत गंभीर; एम्स में कराई गई भर्ती
गुरुग्राम में त्रिपुरा की रहने वाली 19 साल की एक युवती के साथ उसके लिव-इन पार्टनर द्वारा मारपीट कर घायल करने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवती को इलाज के लिए दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी लिव-इन पार्टनर को गिरफ्तार कर लिया है।

गुरुग्राम में त्रिपुरा की रहने वाली 19 साल की एक युवती के साथ उसके लिव-इन पार्टनर द्वारा मारपीट कर घायल करने का मामला सामने आया है। पिटाई से गंभीर रूप से घायल हुई युवती को इलाज के लिए दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस संबंध में एफआईआर दर्ज कर आरोपी लिव-इन पार्टनर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का नाम शिवम (19) है, जो दिल्ली का रहने वाला है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि पीड़ित युवती गुरुग्राम स्थित जीडी गोयनका यूनिवर्सिटी में बायोटेक्नोलॉजी की स्टूडेंट है। वह सितंबर 2025 में शिवम से मिलने के बाद से उसके साथ सेक्टर 69 में लिव-इन रिलेशन में रह रही थी। खबर है कि कपल शादी के बारे में सोच रहा था और शादी को लेकर उनके परिवारों के बीच बातचीत भी शुरू हो गई थी।
लड़की की मां ने फोन कर पुलिस को दी सूचना
पुलिस ने बताया कि मारपीट का यह मामला तब सामने आया जब युवती की मां ने पुलिस को फोन कर आरोप लगाया कि उसकी बेटी को उसके पार्टनर ने बुरी तरह पीटा है, जो उसके चरित्र पर शक करने लगा था। शिकायत मिलते ही पुलिस आ गई और तुरंत मौके पर पहुंचकर आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया।
डीसीपी (साउथ) हितेश यादव ने कहा कि पीड़िता को शुरू में गंभीर हालत में गुरुग्राम के एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसकी चोटें गंभीर होने के चलते बाद में उसे दिल्ली एम्स रेफर कर दिया गया, जहां उसका अभी इलाज चल रहा है।
मेडिकल जांच में पीड़िता के शरीर पर गंभीर चोटों की पुष्टि
शुरुआती जांच से पता चला है कि कपल के बीच देर रात झगड़ा हुआ था, जो बाद में मारपीट में बदल गया। पुलिस ने कहा कि मेडिकल जांच में पीड़िता के शरीर पर कई गंभीर चोटों की पुष्टि हुई है।
पुलिस द्वारा आरोपी लिव-इन पार्टनर शिवम के खिलाफ एफआईआर दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने कहा कि मामले में घटनाओं के पूरे क्रम और संभावित आरोपों का पता लगाने के लिए आगे की जांच चल रही है।




साइन इन