पुल से गिरी बाइक, शादी समारोह में जा रहे 3 लड़कों की मौत; MP में दर्दनाक हादसा
मध्य प्रदेश में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। एक पुल से बाइक गिरने से तीन लड़कों की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों शादी समारोह में जा रहे थे। तीनों लड़के सागर जिले के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि बारिश के कारण पुल क्षतिग्रस्त हो गया था।

मध्य प्रदेश में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। एक पुल से बाइक गिरने से तीन लड़कों की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों शादी समारोह में जा रहे थे। तीनों लड़के सागर जिले के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि बारिश के कारण पुल क्षतिग्रस्त हो गया था।
मध्य प्रदेश के दमोह जिले के तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत झापन के पुल से शुक्रवार देर रात बाइक सवार तीन युवक नीचे गिर गए। इस हादसे में तीनों की मौके पर मौत हो गई। उनके साथियों ने स्थानीय लोगों को घटना से अवगत कराया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शवों को उठाकर तेंदूखेड़ा स्वास्थ्य केंद्र में रखवाया। शनिवार सुबह परिजनों की मौजूदगी में तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। तीनों युवक सागर जिले के रहने वाले थे। वे तीनों शादी समारोह में शामिल होने के लिए दमोह के समनापुर गांव जा रहे थे।
सागर जिले के रहली थाना के छिरारी गांव निवासी 21 साल के अजय घोषी, 21 साल के अमित कुर्मी, 22 साल के पवन कुर्मी अपने अन्य दो साथियों के साथ दमोह जिले के तेंदूखेड़ा ब्लाक के समनापुर गांव में शादी समारोह में शामिल होने आ रहे थे।
पांचों लोगों को अचलपुरा गांव से झलोन की तरफ आना था, लेकिन वह रास्ता भूल गए और झापन की ओर चले गए। यहां बारिश के समय पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। जैसे ही बाइक सवार तीनों युवक पुल पर पहुंचे वह 30 फिट नीचे गिर गए। घटनास्थल दुर्गावती टाइगर रिजर्व के अंतर्गत आता है।
उनके साथियों ने ग्रामीणों की मदद से पुलिस को अवगत कराया। पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और तीनों को तेंदूखेड़ा स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पूर्व मंत्री और रहली विधायक गोपाल भार्गव ने भी घटना पर दुख जताया है। मृतक उनकी विधानसभा के रहने वाले थे।
तेंदूखेड़ा थाना प्रभारी रावेन्द्र बागरी ने बताया कि पुल से गिरने पर तीन युवकों की मौत हुई है। शवों को स्वास्थ्य केंद्र में रखवाया है। सुबह पोस्टमार्टम कराया जाएगा। बता दें कि तेज बारिश के कारण व्यारमा नदी का पुल बह गया था जिसके कारण दोनों और से आवागमन बंद है।




साइन इन