ग्रेटर नोएडा में तिलपता गोलचक्कर पर खत्म होगा जाम, जानें कब पूरा होगा सर्विस मार्ग और यूटर्न का काम?
जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अगले महीने कई शहरों के लिए उड़ान शुरू होने के बाद ग्रेटर नोएडा शहर में ट्रैफिक का दबाव बढ़ जाएगा। इसे देखते हुए सभी प्रमुख सड़कों को चौड़ा किया जा रहा है।

ग्रेटर नोएडा के तिलपता गोलचक्कर पर लोगों को जल्द ही जाम की समस्या से राहत मिल जाएगी। यहां सर्विस मार्ग और यूटर्न का निर्माण किया जा रहा है। यह काम अगले दो से तीन माह में पूरा हो जाएगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के परियोजना विभाग के अधिकारी के मुताबिक, 130 मीटर चौड़ी सड़क पर तिलपता गोलचक्कर से डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (डीएफसीसीआईएल) के ओवरब्रिज तक सर्विस मार्ग का निर्माण किया जा रहा है। एक किलोमीटर लंबी यह सर्विस रोड करीब सात मीटर चौड़ी होगी। दरअसल, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अगले महीने हवाई जहाजों की उड़ान शुरू होने के बाद शहर में ट्रैफिक का दबाव बढ़ जाएगा। इसे देखते हुए सभी प्रमुख सड़कों को चौड़ा किया जा रहा है।
एयरपोर्ट से उड़ानें शुरू होने के बाद और बढ़ेगा ट्रैफिक
ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट की लाइफ लाइन बन चुकी 130 मीटर सड़क के सर्विस मार्ग का काम कई स्थानों पर अधूरा है। इसके चलते आवागमन में असुविधा हो रही है। इस रास्ते पर ट्रैफिक का दबाव सबसे अधिक रहता है। नोएडा एयरपोर्ट से उड़ान सेवा शुरू होने के बाद वाहनों की आवाजाही और अधिक बढ़ जाएगी। डीएफसीसीआईएल का निर्माणाधीन ओवरब्रिज भी अगले कुछ माह में शुरू हो जाएगा। ऐसे में प्राधिकरण ने तिलपता गोलचक्कर के आसपास सर्विस मार्ग को दुरुस्त करने का काम तेज कर दिया है। एक तरफ का सर्विस मार्ग पहले से ही बना है। वहीं 130 मीटर सड़क के किनारे चार मूर्ति चौक से लेकर ग्रेटर नोएडा ईस्ट इलाके में सिरसा गोलचक्कर तक बस-वे का काम भी तेज कर दिया गया है। इससे आवागमन सुगम हो जाएगा।
वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर ने बताया कि तिलपता गोलचक्कर से डीएफसीसीआईएल के ओवरब्रिज तक दो लेन के सर्विस रोड का निर्माण किया जा रहा है। इससे गोलचक्कर पर जाम की समस्या दूर हो जाएगी। इसका फायदा अंसल हाउसिंग, पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सहित आसपास की अन्य सोसाइटियों में रहने वाले हजारों लोगों को भी मिलेगा।
यूटर्न का काम जल्द शुरू होगा
जाम की समस्या से निजात के लिए ग्रेटर नोएडा से ग्रेटर नोएडा वेस्ट की तरफ जाने पर 130 मीटर चौड़ी सड़क पर तिलपता गोलचक्कर से पहले यूटर्न भी बनाया जाएगा। प्राधिकरण ने इसकी निविदा जारी की है। इस कार्य में करीब तीन महीने का समय लगेगा। सर्विस मार्ग को दुरुस्त करने का काम तेज कर दिया गया है। इसका काम भी जल्दी ही पूरा कर लिया जाएगा।
रवि कुमार, एनजी, सीईओ, ग्रेटर नोएडा, ''तिलपता गोलचक्कर पर जाम से राहत के लिए अधूरी पड़ी सर्विस रोड का निर्माण शुरू करा दिया गया है। यूटर्न का निर्माण भी किया जाएगा। इससे आवागमन सुगम हो जाएगा। नोएडा एयरपोर्ट को देखते हुए दीर्घकालीन योजना बनाई गई है।''




साइन इन