मां से कहो चपाती बना लें, 15 मिनट में आ जाऊंगा; गड्ढे में गिरकर मरने से पहले कमल ने फोन पर क्या कहा था?
कमल के जुड़वां भाई करण ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया- हम सब उसकी राह देख रहे थे। मम्मी-पापा की शादी की सालगिरह थी। हम केक काटने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन फिर हम पूरी रात उसे खोजते रहे

"मां से कहो चपाती बनाकर रख लें। मैं 15 मिनट में आ जाऊंगा।" जनकपुरी के कमल ने दिल्ली जल बोर्ड के गड्ढे में गिरने से पहले अपने भाई से फोन पर हुई बातचीत के दौरान ये बात कहीं थीं। कमल के जुड़वां भाई करण ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया- हम सब उसकी राह देख रहे थे। मम्मी-पापा की शादी की सालगिरह थी। हम केक काटने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन फिर हम पूरी रात उसे खोजते रहे… इस तरह जश्न की रात एक बुरे सपने में बदल गई।
रात भर काटे पुलिस स्टेशनों के चक्कर
पुलिस ने सुबह कमल के घरवालों को बताया कि वेस्ट दिल्ली में अपनी मोटरसाइकिल चलाते समय दिल्ली जल बोर्ड (DJB) द्वारा खोदे गए 15 फ़ीट गहरे गड्ढे में गिरने से उनकी मौत हो गई है। इस बीच कमल के घरवाले पूरी रात उनके ऑफिस और पुलिस स्टेशनों के चक्कर लगाते रहे, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली थी।
घर में था शादी की सालगिरह का जश्न
कमल के जुड़वां भाई करण ने PTI को बताया, “हमारे माता-पिता अपनी शादी की सालगिरह मनाने वाले थे। हमने आधी रात को केक काटने का प्लान बनाया था। इसके बजाय, हम पूरी रात सड़कों पर कमल को ढूँढ़ते रहे।”
मां से कहो चपाती बनाकर रख ले
करण कमल से बात करने वाला आखिरी इंसान था। कमल ने करण से कहा था- वह 15 मिनट में घर पहुँच जाएगा। करण ने बताया, "उसने हमारी माँ से चपाती बनाने को कहा और कहा कि वह जल्द ही घर पहुँच रहा है। जब वह आधे घंटे बाद भी नहीं पहुँचा और कॉल उठाना बंद कर दिया, तो हमें चिंता हुई।"
इसके बाद परिवार ने उसे पूरी रात खोजा, लेकिन कहीं कोई पता नहीं चला। हमारी तलाश सुबह खत्म हुई, जब पुलिस ने फोन करके गड्ढे में गिरने के बारे में बताया था।।




साइन इन