taranjit singh sandhu appointed as lt governor of delhi vk saxena appointed in ladakh वीके सक्सेना अब लद्दाख के LG, तरणजीत सिंह संधू को दिल्ली की कमान; बड़ा फेरबदल, Ncr Hindi News - Hindustan
More

वीके सक्सेना अब लद्दाख के LG, तरणजीत सिंह संधू को दिल्ली की कमान; बड़ा फेरबदल

तरणजीत सिंह संधू को दिल्ली का लेफ्टिनेंट गवर्नर नियुक्त किया गया है। वहीं दिल्ली के एलजी पद की जिम्मेदारी संभाल रहे वीके सक्सेना को लद्दाख का लेफ्टिनेंट गवर्नर नियुक्त किया गया है।

Thu, 5 March 2026 11:41 PMKrishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
वीके सक्सेना अब लद्दाख के LG, तरणजीत सिंह संधू को दिल्ली की कमान; बड़ा फेरबदल

दिल्ली के एलजी वीके सक्सेना को अब लद्दाख का नया उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है। उनकी जगह तरणजीत सिंह संधू को दिल्ली का नया उपराज्यपाल बनाया गया है। वीके सक्सेना ने दिल्ली में अपने कार्यकाल के दौरान कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों और प्रशासनिक सुधारों का नेतृत्व किया और अब वे सामरिक रूप से महत्वपूर्ण लद्दाख क्षेत्र की जिम्मेदारी संभालेंगे। बड़े प्रशासनिक फेरबदल की यह जानकारी राष्ट्रपति भवन की ओर से साझा की गई है।

यह बड़ा फेरबदल लद्दाख के उप राज्यपाल कविंदर गुप्ता के पद से इस्तीफा देने के कुछ ही घंटों बाद सामने आया है। कविंदर गुप्ता ने महज 9 महीने के कार्यकाल के बाद इस्तीफा दे दिया है। कविंदर गुप्ता को 14 जुलाई, 2025 को लद्दाख का लेफ्टिनेंट गवर्नर बनाया गया था। कविंदर गुप्ता जम्मू-कश्मीर के भाजपा के कद्दावर नेता हैं। वह जम्मू-कश्मीर के डिप्टी सीएम भी रह चुके हैं।

राजनयिक रह चुके हैं तरनजीत सिंह संधू

तरनजीत सिंह संधू भारतीय विदेश सेवा में राजनयिक रहे हैं। वह अमेरिका में भारत के राजदूत के रूप में काम कर चुके हैं। उनके कार्यकाल के दौरान भारत और अमेरिका के बीच रक्षा, प्रौद्योगिकी और व्यापारिक संबंधों में काफी मजबूती देखी गई थी। उन्होंने कोलंबो में भारत के उच्चायुक्त के रूप में भी काम किया है। उन्होंने दुनिया के कई अन्य मुल्कों में भी भारत की ओर से महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारियां निभाई हैं।

सुर्खियों में रहा वीके सक्सेना का कार्यकाल

गौरतलब है कि दिल्ली के उपराज्यपाल के तौर पर वीके सक्सेना का कार्यकाल काफी चर्चा में रहा है। पूर्व की आम आदमी पार्टी की सरकार से एलजी के तौर पर वीके सक्सेना का टकराव अक्सर देखा जाता रहा है। वह खादी और ग्रामोद्योग आयोग के चेयरमैन भी रह चुके हैं। वीके सक्सेना का जन्म 23 मार्च, 1958 को हुआ। वह कानपुर यूनिवर्सिटी के पूर्व छात्र रहे हैं। उनके पास पायलट का भी लाइसेंस है।

कई राज्यपालों की जिम्मेदारियां बदली

तमिलनाडु के गवर्नर आरएन रवि को पश्चिम बंगाल का गवर्नर और लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (रिटायर्ड) को बिहार का गवर्नर बनाया गया है। वहीं केरल के गवर्नर राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर तमिलनाडु के गवर्नर का काम संभालेंगे। कविंदर गुप्ता को हिमाचल प्रदेश का गवर्नर बनाया गया है। हिमाचल प्रदेश के गवर्नर शिव प्रताप शुक्ला को तेलंगाना का गवर्नर बनाया गया है। नंद किशोर यादव को नागालैंड का गवर्नर बनाया गया है। गौरतबल है कि पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में आने वाले महीनों में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में राज्यपालों का बदलाव राजनीतिक रूप से बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:कौन हैं कविंदर गुप्ता, जिन्हें बनाया गया हिमाचल प्रदेश का नया राज्यपाल
ये भी पढ़ें:पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले गवर्नर सीवी आनंद बोस का इस्तीफा, RN रवि नए राज्यपाल
ये भी पढ़ें:दिल्ली के नए एलजी बने तरनजीत संधू, बिहार से बंगाल तक के गवर्नर बदले; देखें लिस्ट
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।