सड़क पर कचरा खातीं गायें, गंदगी देख भड़क गईं स्वाति मालिवाल, अधिकारी को जमकर लगाई फटकार- VIDEO
इलाके में फैली गंदगी देखकर स्वाति मालिवाल गुस्से में अपना आपा खो देती हैं और अधिकारियों को फटकारने लगती हैं। आप सांसद ने कहा- ये जो हालत है, अगर मुझे दोबारा ये हाल दिख गया, तो मैं सारी की सारी गायें पकड़कर आपके घर के बाहर बांधूंगी।

सड़क पर बिखरा कूड़ा-कचरा और उसमें से बीन-बीनकर बचा-खुचा खाना खातीं दर्जनों गायें। जगह थी दिल्ली का वजीराबाद इलाका। तभी आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालिवाल वहां पहुंचती हैं। उनके साथ में कुछ अधिकारी भी होते हैं। इलाके में फैली गंदगी देखकर स्वाति मालिवाल गुस्से में अपना आपा खो देती हैं और अधिकारियों को फटकारने लगती हैं। आप सांसद ने कहा- “ये जो हालत है, अगर मुझे दोबारा ये हाल दिख गया, तो मैं सारी की सारी गायें पकड़कर आपके घर के बाहर बांधूंगी।”
गंदगी देख स्वाति मालिवाल का पारा हुआ हाई
आप सांसद ने अपने एक्स अकाउंट पर किए ट्वीट में एक वीडियो भी शेयर की, जिसमें हाईवे के दोनों तरफ फैली गंदगी को साफ तौर पर देखा जा सकता है। वीडियो में एक शख्स भागता हुआ दिखाई देता है, तभी स्वाति मालिवाल कहती हैं- वो देखो भाग रहा है। सारी गायें इसने भगाई हैं। इसकी ही गायें हैं। तभी सूट-बूट पहने एक अधिकारी को फटकारते हुए पूछा- अगर आपके घर के बाहर ये हाल होता, तो ऐसे रखते इसको।
सासंद ने अधिकारी को लगाई फटकार
इसके बाद चेतावनी भरे अंदाज में कहा- ये जो हालत है न, अगर मुझे दोबारा ये हाल यहां दिख गया, तो फिर ये सारी की सारी गायें पकड़कर आपके घर के बाहर बांध दूंगी। जल्द से जल्द एफआईआर दर्ज कीजिए, जिनकी गायें हैं, उनको ढूंढिए और एक्शन लीजिए। मुझे सारी गायें गौशाला में चाहिए हैं। हम सब इनकी पूजा करते हैं। हालत तो देखिए इनकी। मैं आधे घंटे से यहां खड़ी हूं, कम से कम दो एक्सीडेंट होते-होते बचे हैं।
कूड़ा साफ कराकर गायों को भेजा गौशाला
आप सांसद ने एक्स पर किए ट्वीट में लिखा- "दिल्ली और देश में जगह जगह इल्लीगल डेयरी माफिया गौमाता पर ज़ुल्म कर रहा है। दूध निकालकर इन गायों को सड़क पर छोड़ दिया जाता है, जहां वो कूड़ा खाती हैं। कल वज़ीराबाद इलाक़े से गुज़रते हुए एक ऐसा ही दुखद नज़ारा देखा, तो मौक़े पर अधिकारियों को बुलाकर सभी गायों को सुरक्षित गौशाला भिजवाया और डेरी मालिक के ख़िलाफ़ FIR करवा रहे हैं।"




साइन इन