सूरजकुंड मेले में बड़ा हादसा; झूला गिरने से 12 लोग घायल, पुलिस इंस्पेक्टर की मौत
सूरजकुंड मेले में बड़ा हादसा हो गया है। मेले में एक झूला टूटकर गिर गया है। हादसे में कई लोगों के घायल होने की खबर है। बचाव अभियान के दौरान एक सब इंस्पेक्टर की मौत भी हो गई है। पढ़ें पूरी रिपोर्ट…

हरियाणा के फरीदाबाद में आयोजित सूरजकुंड मेले में शनिवार शाम को एक बड़ा हादसा हो गया। फरीदाबाद पुलिस ने बताया कि शनिवार शाम को करीब 6:15 बजे सूरजकुंड मेले में झूला गिरने से एक पुलिस इंस्पेक्टर की मौत हो गई जबकि 12 अन्य घायल हो गए। कुछ लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि घटना की पूरी जांच की जाएगी। वहीं सीएम नायब सिंह सैनी ने हादसे पर दुख जताते हुए घायलों के इलाज के लिए संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए हैं।
झटके लगे और टूटकर गिरा झूला
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शाम के वक्त सूरजकुंड मेले में लोग झूलों पर झूल रहे थे। इसी दौरान एक ‘सुनामी’ झूले में तकनीकी खराबी आ गई। इस खराबी के कारण झूले में बैठे दर्शकों को झटके लगने शुरू हो गए। तीसरा झटका लगते ही झूला नीचे आ गिरा। इससे झूले में सवार और वहां मौजूद लोग नीचे गिर पड़े। झूले में सवार दर्शकों के चोटिल होते ही चारों ओर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
12 लोग घायल, पुलिस इंस्पेक्टर की मौत
फरीदाबाद के डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि शाम करीब 6.15 बजे मेले में एक जॉयराइड गिर गई। इस घटना में करीब 12 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद पुलिसकर्मी झूले में सवार दर्शकों को बचाने में जुट गए। बचाव अभियान के दौरान पुलिस इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। जॉयराइड का एक हिस्सा उनके चेहरे और सिर पर लगा। उनको आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
मौके पर जुटे आला अधिकारी
हादसे की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने पूरे इलाके की बैरिकेडिंग की ताकि रेस्क्यू ऑपरेशन में समस्या ना आए। घायलों को तुरंत चार्मवुड विलेज स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया। कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है। डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि जॉयराइड ऑपरेटर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उसके खिलाफ FIR दर्ज की जाएगी। हादसे की पूरी जांच की जाएगी।
झूले पर बैठे थे 26 लोग
हादसे पर हरियाणा के टूरिज्म मिनिस्टर अरविंद शर्मा ने बताया कि झूले पर करीब 26 लोग बैठे थे। लोगों को बचाने की बहादुरी भरी कोशिश में इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की जान चली गई। दो महिला कांस्टेबल भी घायल हुई हैं। हादसे में करीब 12 लोग घायल हुए हैं। अधिकांश को मामूली चोटें आई हैं जबकि कुछ को सिर में गंभीर चोटें लगी हैं। हालांकि सभी होश में हैं। आठ घायलों का इलाज पास के एक प्राइवेट अस्पताल में चल रहा है जबकि चार बीके अस्पताल में हैं।
सीएम ने जताया हादसे पर दुख, अधिकारियों को निर्देश
सीएम नायब सैनी ने हादसे पर दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने एक्स पर अपने पोस्ट में कहा- सूरजकुंड मेले के दौरान हुई दुर्घटना से मैं बहुत दुखी हूं। हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिवार के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के इलाज के लिए संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए हैं। हरियाणा सरकार पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ घायलों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

गेट भी गिरा, एक जख्मी
सूरजकुंड मेले में शनिवार शाम को ही एक और हादसा हो गया। मेला परिसर के गेट नंबर-दो के पास बने बुंदेलखंड गेट का गेट गिर गया। इससे सेक्टर-28 निवासी सुमित मल्होत्रा घायल हो गए।स्थानीय लोगों का कहना है कि यह गेट हिल रहा था जिसको ठीक करने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान झटके से गेट गिर गया जिसकी चपेट में आकर सुमित घायल हो गए। सुरजकुंड मेले में एक ही दिन दो हादसे होने से प्रशासनिक अमला अलर्ट मोड में आ गया है।




साइन इन