दिल्ली-NCR में तेज आंधी और बारिश से मौसम कूल-कूल; कल का भी वेदर अपडेट
Delhi Weather: दिल्ली-NCR के अलग-अलग हिस्सों में तेज आंधी और बारिश के कारण मौसम बदल गया है। मौसम विभाग की ओर से कल को लेकर भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। विस्तृत जानकारी के लिए पढ़ें यह रिपोर्ट…

दिल्ली-NCR में मौसम कूल-कूल हो गया है। शनिवार को शाम चार बजे के बाद दिल्ली के साथ ही एनसीआर के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक और तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई। इससे लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली। इससे पहले मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में आंधी के साथ बौछारे पड़ने का येलो अलर्ट जारी किया था। IMD की मानें तो कल भी आंधी और बारिश वाला मौसम रहेगा। 1 जून से एकबार फिर मौसम साफ रहेगा। इस हफ्ते के अंत 5 जून तक एकबार फिर अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
मौसम विभाग ने आगे अगले 24 घंटे के दौरान दिल्ली के साथ ही एनसीआर में बादलों की आवाजाही बनी रहने की संभावना जताई है। इसके साथ ही गरज चमक और हल्की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से हवाएं चलने की संभावना है। शाम या रात के समय हवा के झोंकों की स्पीड 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
कल भी आंधी बारिश का यलो अलर्ट
कल यानी 31 मई को भी दिल्ली के साथ ही एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में आंधी और बारिश वाला मौसम रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 31 मई को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से हवाएं चलने और गरज चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने इसको लेकर कल भी येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की मानें तो शाम या रात के समय मौसम खराब रहने के दौरान झोंकों में हवा की स्पीड 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक जा सकती है।
इस कारण बदला मौसम
मौसम विभाग की मानें तो मौसम में आया यह बदलाव एक पश्चिमी विक्षोभ के कारण देखा जा रहा है। हालांकि कल के बाद यह राहत खत्म हो जाएगी और मौसम धीरे-धीरे एकबार फिर गर्म होने लगेगा। मौसम विभाग ने 4 मई को दिल्ली में अधिकतम तापमान के 40 से 42 डिग्री और 3 और 5 मई को इसके 39 से 41 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के अनुसार, 2 मई को दिल्ली में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।
देश के बाकी हिस्सों का हाल
मौसम विभाग की मानें तो मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों से आंधी बारिश से लू की तीव्रता में कमी आई है। 31 मई से देश के बाकी हिस्सों से भी लू के प्रकोप में कमी आने की संभावना है। वहीं पूर्वोत्तर भारत और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के कुछ अलग-अलग हिस्सों में इस हफ्ते भारी बारिश देखी जा सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, 31 मई को उत्तराखंड में जबकि 4 औ 5 जून को जम्मू-कश्मीर में गरज चमक और तेज हवाओके साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।




साइन इन