नौतपा के बीच बदला मौसम का मिजाज, राजस्थान के 30 जिलों में बारिश-ओलों की चेतावनी
राजस्थान में नौतपा के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के सक्रिय होने से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर शुरू हो गया है।

राजस्थान में नौतपा के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के सक्रिय होने से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य के 30 जिलों में तेज आंधी, बारिश और कई स्थानों पर ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटों में हुई बारिश और अंधड़ के कारण कई जिलों के तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, दौसा जिले में अंधड़ से जुड़े हादसों में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई।
उत्तर-पूर्वी राजस्थान में सबसे ज्यादा असर
शुक्रवार को चूरू, हनुमानगढ़, बीकानेर, सीकर, अलवर, जयपुर, भरतपुर, झुंझुनूं और करौली सहित कई जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई। सबसे अधिक बारिश झुंझुनूं जिले के मलसीसर क्षेत्र में दर्ज की गई, जहां 43 मिलीमीटर यानी करीब दो इंच पानी बरसा। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी और हीटवेव से राहत मिली है।
तापमान में आई भारी गिरावट
आंधी, बारिश और ओलों के कारण राज्य के कई जिलों में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। अलवर में अधिकतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस गिरकर 36.2 डिग्री पर पहुंच गया। जयपुर, सीकर, भरतपुर और झुंझुनूं सहित कई जिलों में तापमान 2 से 10 डिग्री तक नीचे आ गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय स्तर पर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण यह बदलाव देखने को मिला है।
जयपुर में अंधड़ और बारिश का दौर
राजधानी जयपुर में शुक्रवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली। दोपहर बाद तेज अंधड़ चला और करीब एक घंटे तक धूलभरी हवाओं का असर रहा। रात में फिर मौसम बदला और कई इलाकों में बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक जयपुर और आसपास के क्षेत्रों में 60 से 70 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। जिले में शनिवार के लिए भी आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
कई शहरों में गर्मी से राहत
उदयपुर में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले की तुलना में करीब चार डिग्री कम रहा। सीकर में शाम को बादल छाने और बारिश होने से तापमान में चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। अजमेर में भी अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछले दिन की तुलना में तीन डिग्री कम था। अलवर में तेज बारिश के बाद लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली। वहीं जोधपुर में शनिवार को आंधी और तेज बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मानसून को लेकर चिंता बढ़ी
इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मानसून सीजन को लेकर नया पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार राजस्थान में इस वर्ष मानसून सामान्य से कमजोर रह सकता है। विशेषज्ञों ने इसके पीछे प्रशांत महासागर में विकसित हो रही अल नीनो परिस्थितियों को प्रमुख कारण बताया है। जून से अल नीनो का असर बढ़ने की संभावना है, जबकि जुलाई और अगस्त में भी इसका प्रभाव कमजोर से मध्यम स्तर तक बना रह सकता है।
अगले सप्ताह तक जारी रह सकती हैं गतिविधियां
मौसम विभाग का अनुमान है कि प्रदेश में आंधी, बारिश और बादल छाने की गतिविधियां आगामी दिनों में भी जारी रहेंगी। विशेष रूप से उत्तर-पूर्वी और पूर्वी राजस्थान में 11 जून तक मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। हालांकि इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन तेज अंधड़ और ओलावृष्टि किसानों के लिए चिंता का कारण बन सकते हैं। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन