अचानक टूट पड़ी उग्र भीड़, पुलिस को भी हटना पड़ा था पीछे; दिल्ली में पथराव का वीडियो
पथराव का एक वीडियो भी सामने आया है जिस में दिख रहा है कि कैसे अचानक भीड़ पथराव करते हुए पुलिसबल पर टूट पड़ी। भीड़ इतनी उग्र थी कि कुछ समय के लिए पुलिस को भी पीछे हटना पड़ा।

दिल्ली में तुर्कमान गेट और फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास देर रात अवैध निर्माण पर बुलडोजर ऐक्शन चलाया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिसकर्मियों पर पथराव भी किया गया, जिसमें पांच पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पथराव का एक वीडियो भी सामने आया है जिस में दिख रहा है कि कैसे अचानक भीड़ पथराव करते हुए पुलिसबल पर टूट पड़ी। भीड़ इतनी उग्र थी कि कुछ समय के लिए पुलिस को भी पीछे हटना पड़ा।
देर रात करीब एक बजे तुर्कमान गेट और फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास मौजूद बारात घर समेत कुछ अवैध अतिक्रमण को ढहाने का काम शुरू किया गया। बताया जा रहा है कि बुलडोजर के साथ जैसे ही नगर निगम और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची करीब 200 लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। नगर निगम और पुलिस की टीम ने लोगों को आदेश की कॉपी दिखाई और समझा-बुझाकर वापस भेज दिया।
अचानक पत्थर ले टूट पड़ी भीड़
लेकिन बाद में तुर्कमान गेट के पास अचानक कुछ लोग हाथों में पत्थर लिए पहुंचे और पुलिस टीम पर हमला कर दिया। भीड़ इतनी उग्र थी की पुलिसकर्मियों को कदम पीछे खींचने पड़े। पुलिस टीम पीछे हटते-हटते मेन रोड तक पहुंच गई। उपद्रवी भी वहां तक आ गए। इस बीच पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए आंसू गैस के गोले दागे और भीड़ को नियंत्रित कर लिया।
पथराव करने वालों की पहचान के बाद होगा ऐक्शन
DCP निधिन वलसन ने पुलिस पर हुए हमले की जानकारी देते हुए बताया कि पथराव करने वालों की पहचान करके उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, ‘कार्रवाई रात करीब 1 बजे शुरू हुई। MCD ने हाई कोर्ट के आदेशों के अनुसार कब्जे वाली ज़मीन पर तोड़फोड़ की। रात में पुलिस पर पत्थर फेंके गए। हमने उन्हें पीछे हटाने के लिए कम से कम बल का इस्तेमाल किया। इसके अलावा, पूरी प्रक्रिया बहुत सुचारू रूप से चली। 4 से 5 अधिकारियों को मामूली चोटें आईं... जैसे ही हमें CCTV कैमरा फुटेज, ग्राउंड फुटेज और बॉडी कैमरा फुटेज मिलेगा, हम बदमाशों की पहचान करेंगे और कानूनी कार्रवाई करेंगे।’




साइन इन