Faiz e Elahi Masjid Turkman Gate bulldozer action in delhi दिल्ली में तुर्कमान गेट और फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास देर रात 32 बुलडोजर से तोड़फोड़, पुलिस पर पथराव, Ncr Hindi News - Hindustan
More

दिल्ली में तुर्कमान गेट और फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास देर रात 32 बुलडोजर से तोड़फोड़, पुलिस पर पथराव

दिल्ली में फैज-ए-इलाही मस्जिद और तुर्कमान गेट के पास बड़ा बुलडोजर ऐक्शन लिया। दिल्ली नगर निगम ने हाई कोर्ट के निर्देशों पर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। बुलडोजर ऐक्शन के बीच नगर निगम और पुलिस की टीम पर पथराव भी किया गया।

Wed, 7 Jan 2026 09:14 AMSudhir Jha लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
दिल्ली में तुर्कमान गेट और फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास देर रात 32 बुलडोजर से तोड़फोड़, पुलिस पर पथराव

दिल्ली में फैज-ए-इलाही मस्जिद और तुर्कमान गेट के पास बड़ा बुलडोजर ऐक्शन लिया गया। दिल्ली नगर निगम ने हाई कोर्ट के निर्देशों पर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया, जिसमें तीन दर्जन जेसीबी और पोकलेन का इस्तेमाल किया गया। बुलडोजर ऐक्शन के बीच नगर निगम और पुलिस की टीम पर पथराव भी किया गया। पांच पुलिसकर्मी पथराव में मामूली रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने आंसू गैस का इस्तेमाल करके उपद्रवियों को खदेड़ दिया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण लिया और तोड़फोड़ दल ने सुबह होने तक अपना काम पूरा कर दिया।

दिल्ली पुलिस के सुरक्षा घेरे में नगर निगम की टीम ने रात करीब एक बजे कार्रवाई की शुरुआत की जो सुबह तक चलती रही। दिल्ली नगर निगम के DC विवेक अग्रवाल ने बताया, 'कोर्ट के आदेश के तहत हमने ये कार्रवाई की है। यह कार्रवाई हमने रात के समय ही शुरू की थी। हमने इस कार्य में 32 JCB लगाए हैं। जो अतिक्रमण वेस्ट रह गया है जिसे जल्द ही उठा लिया जाएगा...(रात को हुए पथराव की घटना में) नगर निगम के किसी कर्मचारी को चोट नहीं आई है। पुलिस ने बहुत अच्छा काम किया है और तुरंत स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया।'

25-30 लोगों ने किया पथराव, आंसू गैस के दागे गए गोले

डीसीपी निधिन वलसन ने बताया कि फैज-ए-इलाही मस्जिद, तुर्कमान गेट के पास कुछ अवैध अतिक्रमण के खिलाफ ऐक्शन लिया गया है। उन्होंने बताया कि बुलडोजर ऐक्शन के बीच 25-30 लोगों ने अचानक पथराव शुरू कर दिया। इसमें पांच पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आईं। सभी पुलिसकर्मी ठीक हैं। उन्होंने बताया कि आंसू गैस का इस्तेमाल करके स्थिति को नियंत्रण में लिया गया। पुलिस उपद्रवियों की पहचान में जुटी है। पथराव करने वालों के खिलाफ केस दर्ज करके कार्रवाई की बात कही गई है। अधिकारी ने कहा कि जैसे ही CCTV कैमरा फुटेज, ग्राउंड फुटेज और बॉडी कैमरा फुटेज मिलेगा, बदमाशों की पहचान करेंगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

क्या-क्या तोड़ा गया, क्यों रात में हुआ ऐक्शन

डीसीपी ने बताया कि अवैध रूप से बनाए गए एक बैंक्वेट हॉल, क्लीनिक और डिस्पेंसरी को तोड़ा गया है। उन्होंने बताया कि आम लोगों को परेशानी ना हो इसलिए रात में यह ऐक्शन लिया गया। उन्होंने कहा कि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी ना हो इसके लिए इलाके में धारा 144 लागू की गई है और ट्रैफिक अडवाइजरी जारी की गई है।

कम बल प्रयोग से ही स्थिति संभाला गया: ज्वाइंट कमिश्नर

ज्वाइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस, सेंट्रल रेंज, मधुर वर्मा ने कहा, ‘तोड़फोड़ के दौरान कुछ बदमाशों ने पत्थरबाजी करके गड़बड़ी पैदा करने की कोशिश की। स्थिति को तुरंत नियंत्रित करने के लिए सीमित और कम से कम बल का इस्तेमाल किया गया, जिससे यह सुनिश्चित हुआ कि स्थिति बिगड़े बिना सामान्य हो जाए।’

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दिल्ली की फैज इलाही मस्जिद के पास के ढांचे हटाने के आदेश को चुनौती; HC का नोटिस
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।